देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार की रात में तेज बारिश हुई। हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही संभावना जताई थी कि दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे सप्ताह के दौरान इसी तरह की बारिश देखने को मिल सकती है। दिल्ली में शनिवार और रविवार को तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। IMD ने कहा कि वीकेंड पर भी मध्यम बारिश की संभावना है और सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है।

शुक्रवार को दिल्ली में हल्की बारिश, हवाएं और आसमान में बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई। इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के आंकड़ों से पता चला है कि शुक्रवार सुबह 9.20 बजे AQI 68 दर्ज किया गया था, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। वहीं शाम तक इसमें और सुधार होकर 55 हो गया।

यूपी, उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना

वहीं मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 7 अक्टूबर से लेकर 11 अक्टूबर के बीच कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 7 अक्टूबर से 11 अक्टूबर के बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है। उसके साथ ही गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं हरियाणा में 8 और 9 अक्टूबर को भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी इलाके में 7 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में भी 8 से 10 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

स्काईमेट वेदर के अनुसार उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं अंडमान और निकोबार दीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। तमिलनाडु, कर्नाटक और पुडुचेरी में भी बारिश की संभावना जताई गई है।