दिल्ली में सोमवार को बर्फीली हवाओं और कड़ाके की ठंड ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी। सुबह कोहरा और धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी कम रही। दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत रही लेकिन शाम को तेज हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी। मंगलवार को भी शीतलहर और घने कोहरे की संभावना है। 13 जनवरी को अधिकतम तापमान 19-21 डिग्री और न्यूनतम 3-5 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, 14 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 15 जनवरी से तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि कोहरे से अगले 10 दिनों तक निजात नहीं मिलेगी।

लोधी रोड निगरानी केंद्र में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट आई। सोमवार को अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री और न्यूनतम 3.2 डिग्री दर्ज हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच कई क्षेत्रों में पारा शून्य के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग कार्यालयों ने सोमवार को जानकारी दी कि हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजस्थान के फतेहपुर (सीकर) में पारा शून्य से 0.4 डिग्री नीचे तक गिर गया। फरीदाबाद और रेवाड़ी सहित एनसीआर क्षेत्र में पारा शून्य के करीब पहुंचने से जमीन की सतह पर बर्फ की परत जम गयी।

पढ़ें-  दिल्ली में अभी और बढ़ेगी ठंड

आईएमडी ने आने वाले दिनों में उत्तर भारत में भीषण ठंड और घना कोहरा जारी रहने की चेतावनी दी है। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। यह 2023 के बाद जनवरी का सबसे ठंडा दिन और शीतलहर का लगातार दूसरा दिन रहा। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को भी कोहरा और शीतलहर जारी रहने का अनुमान है, जहां तापमान 4 से 20 डिग्री के बीच रहेगा।

राजस्थान में शीतलहर का कहर

राजस्थान के कई जिलों में तापमान शून्य के करीब रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे रहा और भीषण शीतलहर चली। फतेहपुर के बाद बीकानेर का लूणकरणसर (0.4 डिग्री) और चूरू (1.3 डिग्री) सबसे ठंडे स्थान रहे। श्रीगंगानगर और करौली में भी पारा 1.5 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने अगले एक दिन तक सामान्य से भीषण शीतलहर की चेतावनी देते हुए बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने को कहा है।

कश्मीर में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है, हालांकि डल झील के कुछ हिस्से जमे हुए हैं। श्रीनगर में पारा शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि पुलवामा शून्य से 6.5 डिग्री नीचे तापमान के साथ घाटी में सबसे ठंडा स्थान था। हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से बर्फबारी का अनुमान है। चंबा सहित सात जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

पढ़ें- दिल्ली ने देखा सबसे ठंडा दिन, 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान

(भाषा के इनपुट के साथ)