राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार (11 जनवरी) की सुबह बहुत ठंड रही। सुबह में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। वहीं उत्तराखंड के ज्यादातर स्थानों पर शुक्रवार (10 जनवरी) को लगातार दूसरे दिन अच्छी धूप निकली, जिससे दिन के समय लोगों को ठंड से खासी राहत मिली जबकि पहाड़ों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई है। बता दें कि कश्मीर में आजकल कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहलगाम में तापमान शून्य से 14.3 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया।

दिल्ली में छाएं रहेंगे बादलः मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा, ‘आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।’ शहर की वायु गुणवत्ता सुबह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह 9.13 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 302 दर्ज की गई थी।

Hindi News Today, 11 January 2020 LIVE Updates: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कई जगहों पर खिली धूपः उत्तराखंड के नैनीताल और मसूरी आदि पसंदीदा पर्यटक स्थलों पर निकली धूप से बर्फ पिघलने का इंतजार कर रहे सैलानियों को भी काफी राहत मिली है। चार दिनों की बर्फबारी और बारिश के बाद कल प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर मौसम खुल गया था और धूप निकली थी। हालांकि, मौसम खुलने और बर्फ पिघलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। देहरादून में कल न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि यह गिरकर चार डिग्री पर आ गया।

आने वाले दिनों में हो सकती है बारिशः उत्तराखंड के पहाड़ों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, अल्मोड़ा के जागेश्वर, उत्तरकाशी के जानकीचट्टी और पौडी के सतपुली में हल्की वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने 13 जनवरी को एक बार फिर प्रदेश के छिटपुट स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है। अगले कुछ दिनों में मैदानी क्षेत्रों में सुबह तथा देर रात कोहरा और धुंध छाये रहने का पूर्वानुमान भी व्यक्त किया गया है।

बर्फ हटाकर रास्ते हुए साफः धूप निकलने से बर्फ से ढंकी सड़कों को साफ करने के काम ने भी तेजी पकड़ी। चिन्यालीसौड में धरासू—जोगाट मोटर रोड, मोरी—सांकरी रोड और आराकोट—नाकोट मोटर रोड, रिखणीखाल—थलीसैंण, थलीसैंण मार्चुला और मार्चुला—सतपुली आदि मार्गों को साफ करके उन पर दोबारा यातायात शुरू कर दिया गया।

गुलमर्ग में रहा न्यूनतम तापमानः अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा है। यहां पर अधिकतम तापमान भी शून्य से 1.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री रहा। हालांकि, यह गुरुवार (09 जनवरी) के मुकाबले एक डिग्री अधिक है। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और कोकरनाग में न्यूनतम तामपान 3.4 डिग्री सेल्सियस और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

‘चिल्लई कलां’ इवेंट पर कश्मीर में पड़ रही है काफी ठंडः उल्लेखनीय है कि इस समय कश्मीर घाटी ‘चिल्लई कलां’ की चपेट में है। यह 40 दिनों की अवधि है जिसमें सबसे अधिक ठंड पड़ती है। यह अवधि 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक होती है। इसके बाद 20 दिन का ‘चिल्लई कुर्द’ और उसके बाद 10 दिन का ‘चिल्लई बच्चा’ का दौर आता है।