उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर जारी है। मौसम विज्ञानियों ने अगले कुछ दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में ताजा बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। दिल्ली में दिन में धूप निकली और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री ऊपर 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बता दें कि न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो इस मौसम के लिए सामान्य है। शीतलहर के कारण कई ट्रेन और फ्लाइट भी लेट से चल रही हैं।

हिमाचल में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारीः हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए भारी वर्षा और बर्फबारी के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और बर्फबारी हुई। शिमला मौसम विभाग केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि न्यूनतम तापमान में दो..तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। शिमला, मनाली, कुफरी, डलहौजी, केलांग और कल्पा में पारा शून्य से नीचे गिर गया।

Hindi News Today, 6 January 2020 LIVE Updates: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

मौसम विभाग ने भारी बारिश की जताई संभावनाः ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने सोमवार (06 जनवरी) से गुरुवार (09 जनवरी) तक राज्य में मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा की बात कही है। बर्फबारी होने तथा सोमवार से बुधवार तक मैदानी, निचले पहाड़ी क्षेत्रों में गरज चमक होने का भी पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह में मध्यम दर्जे का कोहरा होगा। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते शहर में छह जनवरी से आठ जनवरी के बीच किसी भी समय हल्की वर्षा हो सकती है।

बर्फबारी से हो सकता है यातायात प्रभावितः मौसम विभाग ने कहा कि भारी वर्षा और बर्फबारी से कुल्लू, चंबा, लाहौल स्पीति, शिमला, कांगड़ा और किन्नौर जिलों में सोमवार से मंगलवार तक यातायात प्रभावित हो सकता है। कुछ स्थानों पर भूस्खलन भी हो सकता है। इस बीच राज्य में सबसे कम तापमान केलांग में शून्य से नीचे 11.60 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जगहों पर तापमान शून्य से हुआ नीचेः कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.5 डिग्री सेल्सियस जबकि मनाली, कुफरी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पांच…पांच डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि डलहौजी, सुंदर नगर, शिमला और सोलन में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.2 डिग्री सेल्सियस, शून्य से नीचे 0.8, शून्य से नीचे 0.7 और शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू कश्मीर में छाए रहेंगे बादल और होगी ताजा बर्फबारीः जम्मू कश्मीर में बादल छाए रहने से ताजा बर्फबारी होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम स्तर की बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि आसमान में बादल छाए होने की वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। कल रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहलगाम में पारा रहा शून्य से नीचेः अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान कल रात शून्य से नीचे 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शनिवार की तुलना में चार डिग्री सेल्सियस कम है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में रात का पारा शून्य से नीचे 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कल के शून्य से नीचे दर्ज 2.5 डिग्री से करीब सात डिग्री सेल्सियस नीचे है।

‘चिल्लई कलां’ पर पड़ रही है कड़ाके की ठंडः कश्मीर घाटी का द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कश्मीर में 40 दिन का ‘चिल्लई कलां’ चल रहा है। इन 40 दिनों में काफी सर्दी पड़ती है और बर्फबारी की संभावना काफी ज्यादा रहती है। बता दें कि ‘चिल्लई कलां’ की शुरुआत 21 दिसंबर को हुई थी और यह 31 जनवरी को खत्म होगी।

पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर का सितम जारीः पंजाब और हरियाणा में शीतलहर जारी है। पारा सामान्य से कई डिग्री नीचे गिर गया और लुधियाना समेत कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा में करनाल सबसे अधिक सर्द स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है।

बठिंडा और आदमपुर रहा सबसे सर्द जगहः पंजाब में बठिंडा और आदमपुर सबसे अधिक सर्द स्थान रहे और दोनों स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पंजाब के अन्य स्थानों में अमृतसर, लुधियाना और पटियाला का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, 5.4 डिग्री सेल्सियस और 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह पठानकोट, हलवारा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री, 5 डिग्री सेल्सियस, 3.7 डिग्री और 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के नारनौल में पड़ी कड़ाके की ठंडः मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के हिसार, अंबाला और नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री, 7.2 डिग्री और 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, 7.1 डिग्री और 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

48 घंटे के दौरान होगी बारिशः राजस्थान में भी ठंड जारी रही है। पाली जिले के इरिनपुरा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अलवर, सीकर, गंगानगर, चुरू और पिलानी में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, 5.5 डिग्री, छह डिग्री, 6.5 और 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने का अनुमान जताया है।