भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में देशभर में भीषण गर्मी पड़ने की भविष्यवाणी की है। आईएमडी के मुताबिक, मार्च और मई के दौरान पूरे देश में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि लू सामान्य से अधिक समय तक चलेगी जो इस साल गर्मियों के दौरान मौसम और भी गर्म बनाए रखेगी। तापमान के सामान्य से अधिक होने के प्राथमिक कारणों में से एक अल नीनो की स्थितियां हैं। अल नीनो भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर पर दर्ज किए गए सामान्य समुद्री सतह के तापमान से अधिक गर्म है। वैश्विक मॉडल संकेत देते हैं कि अल नीनो की कंडीशन मई तक बढ़ सकती है।

देश के अधिकांश हिस्सों में ज्यादा गर्म रहेगी गर्मी

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने शुक्रवार को कहा, “देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी के मौसम के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। भले ही अल नीनो की स्थिति कम हो रही है, फिर भी यह तापमान को सामान्य से ऊपर ले जाएगा और हीटवेव के दौर को बढ़ाने में योगदान देगा।” वहीं, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दक्षिणी और मध्य पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य सीमा के भीतर रहेगा। आईएमडी ने बताया है कि मार्च से मई के मौसम के दौरान रातें भी गर्म रहेंगी। इस वर्ष गर्मी का दौर सामान्य से अधिक लंबा रह सकता है।

उत्तरी, मध्य, पश्चिमी और पूर्वी मध्य भारत क्षेत्र भारत के कोर हीटवेव जोन में शामिल हैं। दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अब तक का सबसे गर्म फरवरी रहा। इसी तरह, मध्य भारत क्षेत्र में सर्दियों की ठंड नहीं पड़ी क्योंकि यहां फरवरी सबसे गर्म रही, जिसमें मासिक न्यूनतम तापमान बढ़कर 16.62 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि पिछला महीना देश भर में काफी हद तक शुष्क रहा।

IMD की चेतावनी

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि दक्षिणी भारत में मार्च की शुरुआत गर्म होने की उम्मीद है। इस बीच, अगले सप्ताह गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में बारिश होने की उम्मीद है। मार्च के उत्तरार्ध में लू की स्थिति सामने आनी शुरू हो जाएगी, जिससे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी महाराष्ट्र में अत्यधिक गर्मी पड़ने की संभावना है।