Weather Today Updates: दिल्ली एनसीआर में देर रात हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की तरफ से जारी अपडेट के मुताबिक अगले कुछ घंटों में यूपी के कासगंज, गंजडुंडवारा, एटा और मैनपुरी (यूपी) के आसपास के इलाकों में हल्की या तेज बारिश हो सकती है। देर रात हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी मिली।

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है। 6 जून को नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, इंदिरापुरम, लोनी देहात, हिंडन वायुसेना स्टेशन, गाजियाबाद, दादरी, ग्रेटर नोएडा के आसपास के इलाकों में अगले 2 घंटे के दौरान बारिश हो सकती है।

कल से बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, यूपी, राजस्थान के कुछ इलाकों में मौसम शुष्क रहने के आसार है। मौसम विभाग ने दिल्ली में मंगलवार को दिन में आसमान साफ ​​रहने का अनुमान व्यक्त किया है। उसने अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई है। बुधवार 7 जून तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग के मुताबिक देश में मानसून की एंट्री इस बार देर से होगी। मौसम विभाग की मानें तो केरल में 7 जून को मानसून दस्तक देगा। विभाग के अनुसार, इस बार मानसून एक हफ्ते की देरी से आएगा, जो आमतौर पर 1 जून को ही आ जाता था। ताजा अपडेट के अनुसार, अभी मानसून को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है और अगले दो-तीन दिनों में सही रिपोर्ट मिलेगी।

IMD का कहना है कि दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है और बादल छाए हुए हैं। जल्द ही तेज चक्रवाती हवाएं केरल तट की ओर मानसून को आगे बढ़ा सकती हैं। हालांकि, विभाग ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में स्थितियों में सुधार होने से केरल में मानसून दस्तक दे सकता है।