Weather Forecast Today, 27 jan 2024: देशभर में ठंड का कहर जारी है। कोहरे और गलन के साथ शीतलहर लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के राज्यों में अभी मौसम ऐसा ही रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान घने से बहुत घना कोहरा रहने वाला है। वहीं, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में घने से बहुत घना कोहरा अगले तीन दिनों तक रहेगा।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कई जगहों पर हड्डियां गलाने वाली बर्फीली हवाओं ने लोगों को घर से बाहर निकलना ही मुहाल कर दिया है। राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा तक शीतलहर का प्रकोप है। आज ज्यादातर इलाकों में कोल्ड डे रहने की संभावना है। वहीं कई हिस्सों में घना कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है।
अयोध्या में घना कोहरा
अयोध्या में घना कोहरा छाया हुआ है। घने कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई। राजधानी दिल्ली में शीतलहर जारी है। घने कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई। दिल्ली में कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कुछ रद्द हो गई हैं। दिल्ली में शीतलहर जारी रहने के कारण लोग खुद को गर्म रखने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
MP के 14 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन भरी ठंड बढ़ गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम का मिजाज बदला है। एमपी के 14 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। प्रदेश के 12 जिलों घना कोहरा है। आने वाले तीन-चार दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के 12 जिलों में मध्यम और घना कोहरा छाया रहेगा। धुंध, कोहरे के चलते विजिबिलिटी बेहद कम है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 25 से 31 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलेगा। इन राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी होगी। अगले 24 घंटे के दौरान आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है।