Weather Forecast Today 4 January 2024: दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत को अभी सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है। शीतलहर और ठिठुरन से लोगों की हालत खराब है। दिल्ली में बुधवार की सुबह कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही बुधवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी शीतलहर रहेगी। खराब मौसम को देखते हुए आईएमडी ने येलो अर्ल्ट जारी किया है। हालांकि 9 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इससे ठंड और बढ़ेगी।
देरी से चल रहीं 26 रेलगाड़ियां
भारतीय रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 रेलगाड़ियां एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में विजिबिलिटी में मामूली सुधार देखा गया। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।
इस दौरान, सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में 328 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दिसंबर 2023 दिल्ली 6 सालों में सबसे गर्म महीना रहा।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड, छाया घना कोहरा
राजस्थान के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है। वहीं कई जगहें शीतलहर की चपेट में है। राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में गुरुवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे से हुई। मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार रात को न्यूनतम तापमान सीकर में 1.0 डिग्री व फतेहपुर में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.1 डिग्री, फलोदी में 4.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 5.0 डिग्री, बीकानेर में 5.2 डिग्री, चूरू व पिलानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में गंगानगर में न्यूनतम व अधिकतम तापमान क्रमश: 7.5 डिग्री व 11.5 डिग्री जबकि संगरिया में 7.1 डिग्री व 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा जबकि पूर्वी राजस्थान में कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। इसके अनुसार राज्य में घने कोहरे व ठंड की स्थितियां अभी कुछ दिन और बने रहने का अनुमान है। वहीं 7-9 जनवरी के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।