राजधानी दिल्ली में अभी भी ठंड का असर कम नहीं हो रहा है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दिल्ली में आज बारिश के बाद ठंड और बढ़ सकती है। बढ़ रही सर्दी की वजह हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड जैसे राज्यों में बर्फबारी को माना जा रहा है। IMD के मुताबिक 31 जनवरी और 1 फरवरी को कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश में जबकि 31 जनवरी को उत्तराखंड में अलग-अलग भारी बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।

कहां क्या है हाल?

हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान बर्फबारी कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक 30 जनवरी की देर रात से 2 फरवरी की सुबह तक चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल और स्पीति, मंडी, शिमला जिलों में बारिश/बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश की संभावना है। IMD के मुताबिक आज हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर में ओलावृष्टि की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी चेतावनी जारी की गई है।

राजधानी दिल्ली आज सुबह से ही घने कोहरे की चादर छाई हुई है। सर्दी का असर काफी ज़्यादा है। खराब मौसम के कारण कई ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों के देरी से पहुंचने और रद्द होने की जानकारी भी सामने आ रही है। मौसम विभाग ने कोहरे का असर और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई है।

IMD के मुताबिक 31 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रात/सुबह के समय 50 मीटर से कम दृश्यता के साथ घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। यह अलर्ट दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के लिए भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड और भी ज्यादा बढ़ सकती है। नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहने की उम्मीद है। राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहेने की उम्मीद है।