Weather Forecast Today, 29 jan 2024: देशभर में फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत में घने कोहरे और ठंड से राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार की सुबह दिल्ली में हल्का कोहरा रहा। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, बारिश और कोहरा छाया रहेगा। कई जिलों में घना कोहरा भी छाया रहेगा। छत्तीसगढ़ के मौसम की बात करें तो छत्तीसगढ़ में सभी जिलों में तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, जिससे ठंड का सितम थोड़ा कम होगा। जम्मू कश्मीर, लद्दाख से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब के अलावा राजस्थान के एक बड़े हिस्से में घना कोहरा छाया रहेगा।

यूपी-बिहार में कोल्ड डे

भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में आज पूरे दिन हल्के बादल छाए रहेंगे। राजधानी में हल्का कोहरा देखा गया, वहीं शीतलहर जारी है। दिल्ली में कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, परिचालन में देरी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में कोहरे के कारण कई उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

पूर्वी उत्तर प्रदेश आज भी घने कोहरे की चपेट में रहेगा। इसी प्रकार हरियाणा पंजाब में भी आज पूरे दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्से में कोल्ड डे हो सकता है। गाजियाबाद में शीतलहर का कहर जारी है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हुई।

पहाड़ों पर हो सकती है बारिश

स्काईमेट वेदर डॉट कॉम के मुताबिक आज गिलगित बाल्टिस्तान, लद्दाख और जम्मू कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलावा तमिलनाडु, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में गुरेज के सीमावर्ती क्षेत्र में बर्फबारी हुई।