Weather Forecast Today, 26 December 2023: दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ गई है। कोहरे और धुंध की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी बेहद कम रही है। कोहरे की वजह से कई फ्लाइटों को भी डायवर्ट करना पड़ा है जबकि कुछ फ्लाइटों ने देरी से उड़ान भरी।
मौसम विभाग ने दिल्ली में मंगलवार और बुधवार के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 दिसंबर तक घने से लेकर मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। दिल्ली के कई हिस्सों में विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम रही है। उत्तर प्रदेश को भी शीतलहर और घने कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया है। प्रदेश में इस समय उत्तर पश्चिमी हवा चल रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में कोहरे के कारण फ्लाइट्स में देरी
दिल्ली में मंगलवार सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही और तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस रह गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से लगभग एक डिग्री सेल्सियस कम है। सफदरजंग, आनंद विहार और इंडिया गेट जैसे कई इलाकों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। अधिकारियों ने बताया कि कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली एयर पोर्ट पर लगभग 30 फ्लाइट्स के संचालन में देरी हुई। इनमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं।
कोहरे के कारण 14 ट्रेन के आगमन में भी देरी हुई। इस बीच, सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 374 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
तमिलनाडु में बारिश के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और निकटवर्ती मध्य भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 दिसंबर 2023 से 1 जनवरी 2024 तक तटीय तमिलनाडु में बारिश की संभावना है। 30 दिसंबर से 2 जनवरी 2024 के दौरान उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 30 दिसंबर के आसपास एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालय के आसपास बनता दिख रहा है। जिसकी वजह से पहाड़ों पर 30 और 31 दिसंबर को भारी बर्फबारी हो सकती है जबकि दिल्ली में 31 दिसंबर को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है।