Weather Forecast Today, 22 January 2024: देशभर में ठंडी का दौर जारी है। जनवरी के तीन हफ्ते बीत गए हैं, लेकिन पारा चढ़ने का नाम नहीं ले रहा है। कई जगह पारा 4 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और गलन से आम लोगों की हालत खराब है। रविवार को नार्थ-वेस्ट दिशाओं से चलने वाली हवाओं की रफ्तार में तेजी की वजह से गलन बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने सोमवार (22 जनवरी 2024) को घना कोहरा रहने और ठंड का अनुमान जताया है। 

अयोध्या में दोपहर बाद ठंड से कुछ राहत की संभावना

इस बीच आज अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया है। वहां पर बड़ी संख्या में विशिष्ट लोग पहुंच रहे हैं। अयोध्या में भी मौसम काफी ठंडा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अयोध्या में सुबह का तापमान 8 डिग्री सेंटीग्रेड रहा। आईएमडी का अनुमान है कि कुछ घंटों तक तापमान में गिरावट आएगी, उसके बाद ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। वैसे रामनगरी में पूरे दिन कोल्ड-डे ही रहेगा। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

पहाड़ों पर जोरदार बर्फबारी से ठंड हवाएं बनीं मुसीबत

इधर, दिल्ली-एनसीआर के लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के अलावा यूपी, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के अधिकतर हिस्से में जबर्दस्त ठंड है। सुबह और रात में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। इससे रेल, वायु और सड़क यातायात पर असर पड़ रहा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ठंड हवाओं ने लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी है। इससे आम जनजीवन के साथ ही कारोबार पर भी असर पड़ा है।

दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 71 प्रतिशत दर्ज की गई। रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 11 रेलगाड़ियां रविवार को चार घंटे की देरी से चल रही हैं। मौसम कार्यालय ने 22 जनवरी को घने कोहरे और ठंड का पूर्वानुमान लगाया है। 

इधर, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का जोरदार असर है। हरियाणा के हिसार में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदाबाद में भी जमा देने वाली ठंड पड़ रही है, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस, झज्जर में 4.1 डिग्री और फतेहाबाद, गुरुग्राम और रोहतक में 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है। अंबाला में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि करनाल और नारनौल में पांच-पांच डिग्री दर्ज किया गया।