Weather Forecast Today, 17 January 2024: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। IMD ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो दिनों के लिए ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं।
बिहार में भी ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। साथ ही आने वाले दिनों में बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों तक राजस्थान के लगभग आधे से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही शीतलहर और पाला पड़ने की संभावना भी विभाग ने जताई है।
UP-बिहार में कोहरे का कहर
स्काईमेट के मुताबिक, पंजाब, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार के कई स्थानों और पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं उत्तर पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, असम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है।
उत्तर भारत में बुधवार को गंगा के मैदानी इलाकों में सुबह कोहरा कुछ कम रहा। सैटेलाइट से मिली तस्वीरों के अनुसार, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और दिल्ली में कोहरा कम हुआ है लेकिन पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 20 ट्रेन अधिकतम पांच घंटे की देरी से चल रही हैं।
देरी से चल रहीं ट्रेन और फ्लाइट्स
दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में विजिबिलिटी लेवल केवल 200 मीटर दर्ज किया गया। देश के उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुबह कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। दिल्ली हवाई अड्डे पर सोमवार को पांच उड़ानों का मार्ग बदला गया जबकि 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घने कोहरे के कारण उर विजिबिलिटी लेवल बहुत कम हो जाने के बीच लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। आईएमडी ने बताया कि अगले पांच दिन तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की आशंका है। आईएमडी के अनुसार, ‘‘देश के उत्तर पश्चिम क्षेत्रों में पांच दिनों तक गंभीर शीत लहर की स्थिति जारी रहने की आशंका है।’’