Weather Forecast Today, 12 January 2024: देश के अधिकतर हिस्सों में ठंड का कहर देखने को मिल रहा है। दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड के साथऔर कोहरे के चलते लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले पांच दिनों तक सुबह घना कोहरा देखने को मिलेगा। पंजाब में 13 से 15 जनवरी के बीच कोल्ड डे की स्थिति रहने की आशंका है।
मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक, 11 जनवरी रात 12 बजे जम्मू डिवीजन के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घने कोहरे की सूचना मिली। वहीं, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और अलग-अलग हिस्सों में भी कोहरा देखा गया।
अगले दो दिन तक रहेगा कोहरा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक का इजाफा होने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले दो दिन तक मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान बारिश होने की संभावना बेहद कम है। ओले भी नहीं गिरेंगे हालांकि दो दिन बाद मौसम में बदलाव होने का भी अनुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दो दिन में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे मौसम बदलेगा।
कैसा होगा यूपी का मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो यूपी की राजधानी लखनऊ में आज घना कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं, गाजियाबाद में आज मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं, उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ स्थानों पर शीतलहर की स्थिति संभव है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो आज दक्षिणी तमिलनाडु और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।
