दिल्ली-एनसीआर में दो दिन बाद बुधवार को सूरज तो खिला पर ठिठुरन बरकरार रही। वहीं हिमाचल प्रदेश व राजस्थान में जारी कड़ाके की ठंड के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जिसके बाद गलन और बढ़ गई है। जबकि उत्तराखंड में पाला पड़ा। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर के मैदानी इलाकों में उत्तरी पछुवा हवा चलने से धूप खिलने और दिन का तापमान मामूली तौर पर बढ़ने के बावजूद कोहरे और ठिठुरन से फिलहाल राहत नहीं है।

मंगलवार को न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री ऊपर 7.9 था वहीं बुधवार को यह 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के लिए सामान्य है। दिल्ली का अधिकतम तापमान औसत से चार डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कड़ाके की सर्दी से जूझ रहे उत्तर पश्चिम भारत में अभी भी शीत लहर बरकार है। तीसरे दिन धूप खिलने के बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में पारा मंगलवार के मुकाबले अधिक लुढ़का रहा। दिल्ली में चल रही उत्तरी पछुवा हवाओं पर सवार बर्फीली ठंड में दिल्ली सराबोर रही।

ट्रेनें और फ्लाइट्स लेट

दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से 13 डिग्री के बीच रहा। दिल्ली के कुछ हिस्सों में ‘कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई थी। तेज ठंड और कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 21 ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह नौ बजे 269 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ की श्रेणी में आता है।

उत्तर भारत में सामान्य से नीचे रहा तापमान

पंजाब,हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान पांच से 10 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश और बिहार में दस से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर यह सामान्य एक डिग्री ऊपर नीचे रहा। बिहार और मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर और राजस्थान में सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी

पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, हरियाणा, ओडिशा और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहा। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश व उंचाई पर बर्फबारी की सूचना है। उत्तराखंड में मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर पाला पड़ने की भी सूचना है। तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। केरल, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र उत्तरी मध्य प्रदेश में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वी गुजरात, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हुई।

हरियाणा, पंजाब और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी कोल्ड डे के हालात बने रह सकते है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। जम्मू-कश्मीर, उत्तर पश्चिम राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, ओड़ीशा और त्रिपुरा में घना कोहरा छा सकता है।