Weather Forecast Today, 19 Jan 2024: दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी है। देश के अलग-अलग राज्यों में भीषण ठंड देखने को मिल रही है। दिल्ली में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तक सुबह के समय घना कोहरा रहेगा। इसे देखते हुए शुक्रवार और शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की संभावना है।
दिल्ली के न्यूनतम तापमान में बीते चार दिनों में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। पालम मौसम केंद्र में सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी लेवल 50 मीटर तक गिर गया। कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 18 ट्रेन देरी से चल रही हैं। आइएमडी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देर रात साढ़े 12 बजे से सुबह साढ़े छह बजे तक घना कोहरा छाया रहा।
देर से चल रही हैं कई फ्लाइट्स
कम विजिबिलिटी के कारण IGI हवाई अड्डे पर कई फ्लाइट देरी से चल रही हैं और कुछ फ्लाइट रद्द हो गई हैं। दिल्ली में बढ़ती ठंड से बचने के लिए बेघर लोग रैन बसेरा में रह रहे हैं। एक केयर टेकर ने बताया, “यहां पर बेड की सुविधा है। सुबह नाश्ता, दोपहर का खाना तथा रात का खाना दिया जाता है। मेडिकल में हमारे पास प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध है। गरम पानी की भी सुविधा है।”
कैसा रहेगा UP का मौसम?
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और शीतलहर की वजह से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कोहरे के चलते उड़ानों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। पश्चिमी यूपी के जनपदों में आज भी कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल मौसम केन्द्र के वैज्ञानिक SN साहू ने कहा, “राज्य में 10 के नीचे तापामन दर्ज़ किया गया। गुना में तापमान 3.4 डिग्री और खजुराहो में 4 डिग्री दर्ज़ किया गया है। अगले 2-3 दिनों तक तापमान कम होने की संभावना है।” वहीं, जालंधर में सुबह शीतलहर और घना कोहरा छाया रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(IMD) के अनुसार आज जालंधर में न्यूनतम तापमान 5°C दर्ज़ किया गया। राजस्थान के जयपुर में शीतलहर और कोहरा जारी है। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई।