Weather forecast Today Updates: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से सर्द हवाएं और तेज हो गई हैं। बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्रों में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी और मैदानी राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में बारिश हो सकती है। पूरे उत्तर भारत में 500 से 1000 मीटर की ऊंचाई पर बादल की परत छा गई है। इससे सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इसका असर भी तापमान पर हो रहा है। मैदानी इलाकों में सामान्य से 6.5 डिग्री तापमान कम होने पर भीषण सर्दी मानी जाती है।

देश की राजधानी दिल्ली में आज (21-12-2019) की सुबह काफी ठंड रही और घने कोहरे का असर दिखा। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। यहां आपको बता दें कि दिल्ली हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह छाए कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य हो गई जिससे 760 उड़ानें विलंबित हुई और परिणामस्वरूप 19 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। पांच विमानों की दिशा बदल दी गई। वहीं दिल्ली से 100 ट्रेनें भी लेट चल रही हैं।

Live Blog

20:37 (IST)21 Dec 2019
इन ट्रेनों पर असर

मौसम के चलते इन ट्रेनों पर असर पड़ा है...

  • कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस 3:45 घंटे लेट
  • पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 3:45 घंटे लेट
  • गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस 3:40 घंटे लेट
  • दरभंगा- नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति  2.30 घंटे लेट
  • बरौनी - नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस 2.00 घंटे लेट
  • रीवा- आनंद विहार रीवा एक्सप्रेस 2.15 घंटे लेट
  • हावड़ा नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस 3 घंटे लेट
  • भागलपुर - आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस 2.00 घंटे लेट
  • हैदाराबाद - निजामुद्दीन दक्षिण एक्सप्रेस 2.45 घंटे लेट
  • मुंबई - अमृतसर दादर एक्सप्रेस 3.30 घंटे लेट
18:08 (IST)21 Dec 2019
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह कोहरे की एक घनी परत छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर 429 रहा, जो कि ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।गौरतलब है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को 0-50 के बीच ‘अच्छा’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101-200 के बीच ‘मध्यम’, 201-300 के बीच ‘खराब’, 301-400 के बीच ‘अत्यंत खराब’, 401-500 के बीच ‘गंभीर’ और 500 के पार ‘बेहद गंभीर एवं आपात’ माना जाता है।

14:52 (IST)21 Dec 2019
Delhi Weather Update: घने कोहरे के चलते विमान और ट्रेन यातायात प्रभावित

अधिकारियों ने शनिवार को एक बयान में कहा कि शुक्रवार की आधी रात तक दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण 46 उड़ानों को डायवर्ट किया गया। वहीं अगर बात ट्रेनों की करें तो कई ट्रेने देरी से चल रही हैं।

13:56 (IST)21 Dec 2019
पहाड़ों पर बर्फबारी से झारखंड में बढ़ी ठंड

पहाड़ों में हुई बर्फबारी और पिछले तीन दिनों से मौसम में आये बदलाव का असर झारखंड में भी दिखने लगा है। राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। वहीं तेज हवा के कारण ठिठुरन का एहसास हो रहा है। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। यही कारण है कि न्यूनतम तापमान नहीं गिरने के बावजूद ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक झारखंड के दक्षिणी भागों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा रह सकता है। इसको लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। अगले दो से तीन दिनों तक रात का तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

13:14 (IST)21 Dec 2019
बिहार में 24 को हो सकती है बारिश

आइएमडी के मुताबिक पटना शहर में रात का तापमान अगले दो दिन कम ही रहेगा। इसमें कोई खास गिरावट दर्ज नहीं होगी।  हालांकि 24 दिसंबर से बिहार में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। आइएमडी पटना के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बारिश का पूर्वानुमान दक्षिण बिहार और झारखंड से सटे दूसरे इलाकों के लिए है। 

12:33 (IST)21 Dec 2019
कई ट्रेनें देरी से चलीं

देश के कई राज्यों में अब कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। उत्तर भारत के कई राज्यों में शनिवार को सुबह कोहरा छाया रहा। इसका असर ट्रेन और उड़ानों पर पड़ा। अधिकारियों ने शनिवार को एक बयान में कहा कि शुक्रवार की आधी रात तक दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण 46 उड़ानों को डायवर्ट किया गया। वहीं अगर बात ट्रेनों की करें तो कई ट्रेने देरी से चल रही हैं। 'समाचार एजेंसी एशियन न्यूज इंटरनेशनल' ने बताया कि उत्तर भारत में 17 ट्रेनें परिचालन कारणों से देरी से चल रही हैं। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक आने दिनों में बिहार समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है, जिससे गलन बढ़ेगी।

11:36 (IST)21 Dec 2019
इन इलाकों में कोहरे का कहर

मौसम विभाग ने बताया है कि नॉर्थ राजस्थान, पंजाब और चंडीगढ़ में घना कोहरा छाया हुआ है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भी कोहरे का असर है।

10:31 (IST)21 Dec 2019
मंगलवार से कम हो सकती है सर्दी

उत्तरी भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो रविवार और सोमवार को भी भारत के इन इलाकों में ठंड का कहर जारी रह सकता है। हालांकि मंगलवार से ठंड में थोड़ी कमी आ सकती है। वहीं जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रविवार से ठंड में कुछ कमी आने की संभावना भी है।

09:44 (IST)21 Dec 2019
एयरपोर्ट के पास घना कोहरा

दिल्ली में आज सुबह घने कोहरे का असर देखने को मिला। हवाईअड्डे के पास विजिबिलिटी काफी कम रही।

08:57 (IST)21 Dec 2019
सुबह-शाम पड़ रही कड़ाके की ठंड

दो दिन से तापमान में हो रही बढ़ोतरी ने सर्दी से राहत दी है, लेकिन सुबह-शाम चल रही शीत लहर ठिठुराने वाली ठंड का अहसास कराए हुए है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दो और अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर दर्ज हुआ।

08:32 (IST)21 Dec 2019
आश्रय गृह का आसरा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड काफी ज्यादा पड़ रही है। रात के वक्त कई लोगों ने नाइट शेल्टर्स में पनाह ली है। लोगों के लिए बने आश्रय गृह रात के वक्त इस ठंड में उन्हें काफी राहत पहुंचा रहे हैं।