Bihar, Mumbai, UP, Punjab, Haryana Rains, Weather Forecast Today News Updates: महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित सांगली जिले में बचाव कार्य में जुटी एक नौका के गुरुवार (08 अगस्त) को एक जलाशय में पलट जाने से नौ लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ चार अन्य लोग भी घायल हो गए है। बता दें कि यह हादसा पुणे तहसील के ब्रह्मानल गांव के पास हुई है। एक निजी नौका बाढ़ पीड़ित करीब 30 लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जा रही थी, तभी वह डूब गई।
कर्नाटक के कई हिस्सों में भयंकर बाढ़ की स्थिति बनी है, जिसकी वजह से लगभग 26,000 लोगों को उनके घरों से निकाला गया और पिछले तीन दिनों में बारिश से संबंधित घटनाओं में पांच लोगों की जान भी जा चुकी है। महाराष्ट्र में खास तौर पर कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ के बाद 1.32 लाख से ज्यादा लोगों ने अब तक सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। वहीं छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से मिली जानकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण वहां कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं और सड़क रास्ते पर भी इसका असर पड़ा है।
देश के अधिकतर राज्यों में बुधवार (7 अगस्त) को भारी बारिश हुई। इसके चलते कर्नाटक और महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित हिस्सों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां 2.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। उधर, आंध्र प्रदेश में भी कई नदियां उफान पर हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ से अब तक 16 लोग जान गंवा चुके हैं। कर्नाटक में भी 5 लोगों की मौत हो गई है। ओडिशा में भी बाढ़ की स्थिति बन रही है, जिसके चलते रेल सेवाएं बाधित रहीं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को दिनभर उमस रही। यहां तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में 22.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। वहीं, पालम वेधशाला ने 9.6 मिमी और लोधी रोड वेधशाला में 24.3 मिमी बारिश दर्ज की। उधर, उत्तर प्रदेश के हरदोई में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि गोरखपुर में एक व्यक्ति ने जान गंवा दी।
Highlights
देश में कई हिस्सों में आई बाढ़ को देखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘केरल, कर्नाटक, असम और बिहार में बाढ़ की हालत गंभीर है। लाखों लोग फंसे हैं या विस्थापित हो चुके हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाढ़ प्रभावित राज्यों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए जो भी कर सकते हैं वो करें।’’
पश्चिमी महाराष्ट्र में जबरदस्त बाढ़ को देखते हुए कर्नाटक ने मदद का हाथ बढ़ाया है। कर्नाटक ने कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ का पानी कम करने के लिए अलमाटी बांध से पांच लाख क्यूसेक पानी छोड़ने पर सहमति जताई है ।
केरल के कई इलाके भारी बारिश की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने राज्य के चार जिले इदुक्की, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। यह चार जिले भारी वर्षा और तेज हवाओं की चपेट में हैं।
महाराष्ट्र में रेजीडेंट डॉक्टरों ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद बाढ़ आने से गुरुवार को अपना आंदोलन स्थगित कर दिया उन्होंने कहा कि वे नहीं चाहते कि मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़े।
महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित सांगली जिले में बचाव कार्य में जुटी एक नौका के गुरुवार को एक जलाशय में पलट जाने से नौ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए हैं।
मुंबई में भारी बारिश की वजह से कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जो अपने निश्चित समय से करीब एक घंटे की देरी से उड़ान भरेंगी। जानकारी के मुताबिक अब तक 17 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। इस बीच बीएमसी और पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए मुंबईवासियों से कहा है कि रात भर तेज बारिश हो सकती है। वहीं बारिश की वजह से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे की रफ्तार भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है।
भारी बारिश और बाढ़ की वजह से पश्चिमी महाराष्ट्र में हालात बिगड़ गए हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि सांगली के जिला जेल में भी पानी घुस गया, जिसकी वजह से प्रशासन ने कैदियों को ऊपरी मंजिल पर स्थानांतरित किया है।
छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 24 घंटों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बेमेतरा, बिलासपुर, जांजगीर चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद और धमतरी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में भी इस दौरान भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी होने की उम्मीद है। वहीं अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहेगा। विभाग के मुताबिक बीती रात न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ऊपर है। शहर में बीते 24 घंटे के दौरान बारिश नहीं हुई।
राज्य में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बता दें कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में बांधों और कर्नाटक में बैराजों और जलाशयों के जल द्वार खोले जाने से बाढ़ आ गई। राज्य में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सड़क और रेल संपर्क प्रभावित हुआ है। सूत्रों ने बताया कि बेलागावी और उत्तर कन्नड़ जिलों में दो-दो लोगों की जान गई है और शिवमोगा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इससे अब तक बारिश संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।
पश्चिमी महाराष्ट्र में खास तौर पर कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ के बाद 1.32 लाख से ज्यादा लोगों ने अब तक सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। यहां लगातार हुई बारिश से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले सात दिनों में बारिश और बाढ़ से संबंधित विभिन्न घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में 10 सेंटीमीटर, कोटा में 10 सेंटीमीटर, भरतपुर में 10 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है। विभाग ने आने वाले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई स्थानों और पश्चिमी राजस्थान के एक दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर और पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश और राजधानी जयपुर सहित 11 जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।