उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सर्दी का कहर जारी है। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ ही हिमपात हो सकता है। हिमाचल प्रदेश में ठंड की स्थिति जस की तस बनी हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश और हिमपात होने की चेतावनी के साथ राज्य में यलो अलर्ट(गंभीर मौसम) जारी कर दिया है। हालांकि कश्मीर में तापमान बढ़ने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है।

मौसम विभाग ने राज्य के मध्य और उच्च पहाड़ी वाले इलाकों में 27 से 29 जनवरी और 31 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में गरज के साथ छींटे पड़ने और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने राजस्थान में आगामी 24 घंटों के दौरान जयपुर एवं बीकानेर संभाग में हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। राजस्थान और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में चक्रवात से सौराष्ट्र क्षेत्र और वडोदरा जिले में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है।।

Live Blog

17:47 (IST)27 Jan 2020
कुफरी और मनाली में तापमान शून्य से नीचे

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम बेहद ठंडा और शुष्क रहा तथा पर्यटन स्थल कुफरी और मनाली में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, जनजातीय बहुल लाहौल-स्पीति जिले के प्रशासनिक केंद्र केलांग का न्यूनतम तापमान शून्य से 13.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंड स्थान रहा।किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे, जबकि मनाली में शून्य से 3.4 डिग्री नीचे और कुफरी में शून्य से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि डलहौजी और शिमला का न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.9 डिग्री सेल्सियस और 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है, जबकि सोमवार से बुधवार और शुक्रवार को राज्य के मध्यम और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।

14:53 (IST)27 Jan 2020
Haryana-Punjab Weather Forecaast: पंजाब- हरियाणा में ठंड का कहर जारी

पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को ठंड का कहर जारी रहा।मौसम विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पंजाब का आदमपुर दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान बना रहा। इसका न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रशासित प्रदेश व पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अन्य स्थानों में अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.5, 6.1 और 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पठानकोट, हलवारा, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.9, 5.4, 6.8, 7.4 और 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हरियाणा में, अंबाला, हिसार और करनाल में भी काफी ठंड रही, जहां क्रमश: 5.8, 7.2 और 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से दो डिग्री तक कम है। नारनौल, रोहतक और सिरसा का न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.9, 8 और 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

14:13 (IST)27 Jan 2020
28 जनवरी को मौसम लेगा करवट

दिल्ली-एनसीआर से इतर उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में घरों की छत, पेड़ और सड़कें बर्फ की चादर से ढकी हुई हैं। बारिश का दौर फिलहाल यहां खत्म हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 28 जनवरी को मौसम करवट लेगा।

13:25 (IST)27 Jan 2020
हरियाणा के मौसम का हाल जानिए

हरियाणा में बीते तीन से चार दिनों से जहां तेज धूप निकल रही थी, वहीं सोमवार की सुबह मौसम ने एक दम से करवट बदली। सुबह ही आसमान में बादल छा गए तो वहीं फिर छिटफुट बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी होने से मौसम में एक बार फिर से सर्दी बढ़ गई है। जबकि माना यह जा रहा था कि जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम खुल सकता है। अब अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। ऐसे में साफ जाहिर है कि सर्दी एक बार फिर से बढ़ने वाली है।

12:17 (IST)27 Jan 2020
दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में सुबह हल्की बूंदाबांदी होने के साथ ही तेज ठंड रही। खराब मौसम के कारण देश के उत्तरी राज्यों में चौदह ट्रेनें तीन घंटे तक की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।’’ आद्रता का स्तर 95 फीसदी दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने धुंध और बहुत हल्की बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह 9.34 बजे 316 दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद में एक्यूआई 282, गाजियाबाद में 379, ग्रेटर नोएडा में 336, गुरुग्राम में 246 और नोएडा में 344 दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि 0-50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101-200 के बीच ‘मध्यम’, 201-300 के बीच ‘खराब’, 301-400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401-500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

11:41 (IST)27 Jan 2020
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश- उत्तराखंड के मौसम का हाल जानिए

मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के क्षेत्रों में सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। 29 जनवरी को उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 3-5 डिग्री के बढोतरी के भी संकेत देखने को मिले है। अरब सागर के क्षेत्र में तेज हवा चलने की भी संभावना व्यक्त की गई है वहीं मछुवारों को समुद्र में जाने से भी मौसम विभाग ने सतर्क किया है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में 30 और 31 जनवरी को कुहासे की भी संभावना व्यक्त की है।

11:05 (IST)27 Jan 2020
दिल्ली-एनसीआर के मौसम का हाल जानिए

दिल्ली के साथ एनसीआर के शहरों गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत दर्जनभर शहरों में सप्ताह की शुरुआत ठिठुरन के साथ हुआ। सोमवार को सुबह न्यूनतम तापमान ज्यादातर इलाकों में 8-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूली छात्र-छात्राओं को ज्यादा दिक्कत पेश आई। मौमस विज्ञान विभाग के मुताबिक, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण पूर्व दिल्ली, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पालम में सोमवार को बारिश का अनुमान है।

10:26 (IST)27 Jan 2020
हिमाचल प्रदेश के मौसम का हाल जानिए

मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 27 से 29 जनवरी तक मौसम बिगड़ सकता है। 28 जनवरी को भारी बारिश और भारी बर्फबारी का अनुमान है। बाकी राज्यों की बात करें तो यूपी में 27 जनवरी और 28 जनवरी को बारिश की भविष्यवाणी है।

08:50 (IST)27 Jan 2020
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल

07:31 (IST)27 Jan 2020
राजस्थान के मौसम का हाल जानिए

मौसम विभाग ने राजस्थान में अगले दो दिनों में कई जिलों में बारिश एवं ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि न्यूनतम तापमान सीकर में सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में यह 6.5 डिग्री, चूरू में 6.8 डिग्री, पिलानी में 7.1 डिग्री, ऐरनपुरा रोड पर 7.4 डिग्री, डबोक—जोधपुर—सवाईमाधोपुर में 8.4—8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अजमेर में यह 8.7 डिग्री, जयपुर में 9.6 डिग्री, बीकानेर—कोटा में 10.0—10.0 डिग्री, जैसलमेर में 10.9 डिग्री, बाड़मेर में 11.3 डिग्री, और फलौदी में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी आगामी 24 घंटों के दौरान जयपुर एवं बीकानेर संभाग में हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है।