Weather Forecast: समूचे कश्मीर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई और आसमान भी साफ रहा। मौसम विभाग ने घाटी में अगले कुछ दिनों तक मुख्यत: शुष्क एवं सर्द मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। बिहार, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हुई।
वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना के दक्षिणी हिस्सों में गर्म व आर्द्र हवाएं चल रही हैं, जिससे गर्मी की आहट मिलने लगी है। अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से अधिक है।
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार की सुबह सर्द रही जहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। हालांकि दिन में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली है।
पहाड़ों पर भी ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि हिमाचल प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में मौसम शुष्क ही रहेगा। पूर्वांचल में भी मौसम साफ बना रहेगा और धूप खिली रहेगी।
शुक्रवार को देश के मैदानी भागों में सबसे ठंडा स्थान रहा हरियाणा का हिसार शहर। जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। टॉप टेन की सूची में गुजरात के अलावा पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के शहर भी शामिल हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में तापमान घटेगा। दिन में धूप के साथ मौसम सुहावना रहेगा। अगले 2 दिनों तक मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना।
स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। बिहार, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हुई।
केंद्र शासित क्षेत्र लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.9 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि करगिल में यह शून्य से 23.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक घाटी में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है जिसके कारण तापमान में गिरावट आ सकती है।
घाटी में उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग सबसे सर्द स्थान रहा और वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में यह शून्य से 11.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम पारा शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा। वहीं कोकेरनाग में यह शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
गुरूग्राम में धूप खिली हुई है और मौसम साफ है। दिन में गुरूग्राम का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रात में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
उत्तराखंड में धूप खिली है और बारिश और बर्फबारी से राहत मिल गई है। हालांकि बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के चलते पहाड़ी इलाकों के करीब 250 गांवों में बिजली कटी हुई है और अभी तक वहां बिजली नहीं पहुंच पायी है। इसके अलावा बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे समेत 34 सड़कों पर आवागमन बाधित चल रहा है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अभी का तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान के अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना के दक्षिणी हिस्सों में गर्म व आर्द्र हवाएं चल रही हैं, जिससे गर्मी की आहट मिलने लगी है। अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से अधिक है।
पूर्वोत्तर भारत के असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघायल और नागालैंड में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी गई है। अरुणाचल प्रदेश में एक दो जगहों पर बर्फबारी होने के भी आसार हैं।
हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप जारी है । हालांकि पंजाब में कुछ राहत मिली है जहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान औसत से कुछ अधिक रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां कहा कि हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम था।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक सुबह नौ बजे, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 194 दर्ज किया गया। यह ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में आता है। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर भारत जाने वाली छह ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने कहा कि पूरे दिन मामूली कोहरा छाया रहेगा और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 डिग्री और 6.2 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।
पूर्वी भारत में बारिश बंद हो गई है। हालांकि तटीय ओडिशा में अभी भी मौसम सक्रिय है, जिसके चलते राज्य के तटवर्ती इलाकों में बारिश के आसार हैं।
उत्तर भारत से पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने के साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क हो गया है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में ठंडी हवाएं चलेंगी। दिन में धूप खिलने से मौसम में शुष्कता बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान राजस्थान के उत्तरी जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2—3 डिग्री नीचे रहने की संभावना जताई है।