Weather forecast Today India News Updates: सितंबर का महीना शुरू हो चुका है। यह दक्षिण-पश्चिम (आगे बढ़ता) मानसून का आखिरी महीना है। देश के कुछ हिस्सों में अब भी लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने ओडिशा, कोंकण, गोवा के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा उत्‍तराखंड, उत्‍तर प्रदेश, राजस्‍थान, मध्‍य प्रदेश, विदर्भ, छत्‍तीसगढ़, मध्‍य महाराष्‍ट्र, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई है।

मुंबई का हाल –
रातभर बारिश के चलते मुंबई शहर के कई अहम इलाकों में पानी भर गया है। शहर में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में महाराष्ट्र समेत मुंबई में फिर से बारिश हो सकती है। बारिश के चलते गुरुवार को सुबह से ही ट्रेनें 15 से 30 मिनट की देरी से चलीं। जलभराव के चलते नगरपालिका ने स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने हाई टाइड का अलर्ट जारी किया है। पिछले 36 घंटे में रिकॉर्ड 500 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के चलते स्थिति चिंताजनक हो गई है जिसके बाद मुंबई और ठाणे में रेड अलर्ट जारी किया गया है।।

Live Blog

15:39 (IST)05 Sep 2019
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को गुजरात और ओडिशा में भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण और गोवा के कुछ अलग-अलग इलाकों में भी दिन भर भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

14:45 (IST)05 Sep 2019
अगले दो-तीन दिनों में महाराष्ट्र के इन शहरों में होगी बारिश

अगले दो-तीन दिनों के लिए महाराष्ट्र के पुणे, रायगढ़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। नागपुर के करीब 100 गांवों का संपर्क मुख्यालयों से कट गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय के करीब 1000 कर्मचारी बुधवार रात को मंत्रालय में ही रुके रहे। वहीं बीएमसी ने अपने 145 स्कूलों को अस्थाई राहत केंद्रों में बदल दिया। कुर्ला इलाके में मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहां नदी किनारे रहने वाले 1500 लोगों को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू किया।

13:50 (IST)05 Sep 2019
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल

12:43 (IST)05 Sep 2019
मुंबई में ट्रेनें कैंसल, 20 फ्लाइट रद्द, 280 उड़ानों में भी हुई देरी

मुंबई में बारिश की वजह से बुधवार को 20 उड़ानें रद्द कर दी गईं जबकि 280 देरी से चल रही हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भी कहा कि कम दृश्यता की वजह से 15 विमानों को डायवर्ट किया गया। उड़ानों में करीब 45 मिनट की देरी हो रही है। रेलवे के मुताबिक, ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई से 10 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। दूसरी ओर, लोकल ट्रेनों में देरी के कारण गुस्साए यात्रियों ने अंधेरी और सीएसटी स्टेशनों पर प्रदर्शन किया और ट्रेन रोककर विरोध जताया।

11:53 (IST)05 Sep 2019
अगले दो-तीन दिनों तक इन प्रदेशों में बारिश का पूर्वानुमान

मुंबई में बारिश के चलते सभी लोग परेशान हैं वहीं दिल्ली में अच्छी धूप खिली हुई है। मुंबई में बारिश की वजह से सड़कें नदियां बन चुकी हैं, रेल ट्रैक से लेकर रोड तक कहीं भी आना-जाना आसान नहीं है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में जानकारी देते हुए बताया है कि आज गोवा, मध्यप्रदेश, गुजरात और मध्य महाराष्ट में भारी बारिश आने की संभावना है।

11:34 (IST)05 Sep 2019
ये ट्रेन हुई रद्द

मुंबई के वसई रोड - नालासोपारा - विरार रेलखण्डों के मध्य भारी बारिश और पटरियों पर पानी भरने के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे ने छह रेलगाड़ियों को रद्द किया है और चार रेलगाड़ियों को आंशिक रूप से रद्द किया है। भारी बारिश के कारण बान्द्रा र्टिमनस - बीकानेर रेलसेवा, बान्द्रा र्टिमनस - दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा, बान्द्रा र्टिमनस - दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा, पुणे-जयपुर रेलसेवा को बुधवार के लिये, बीकानेर-बान्द्रा र्टिमनस रेल सेवा को शुक्रवार के लिये और जयपुर - पुणे रेल सेवा को शनिवार के लिये प्रारम्भिक स्टेशन से रद्द किया गया है।

10:27 (IST)05 Sep 2019
मौसम विभाग ने हाई टाइड का अलर्ट जारी किया

मुंबई में मौसम विभाग ने हाई टाइड का अलर्ट जारी किया है। पिछले 36 घंटे में रिकॉर्ड 500 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के चलते स्थिति चिंताजनक हो गई है जिसके बाद मुंबई और ठाणे में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

10:09 (IST)05 Sep 2019
हल्की बारिश का ही अनुमान

मौसम विभाग का कहना है कि अब दिल्ली में मानसून अपने अंतिम चरण में है। इसलिए अगले करीब एक सप्ताह के दौरान हल्की बारिश का ही अनुमान है।

 

09:48 (IST)05 Sep 2019
दिल्ली में नहीं होगी बारिश

गुरुवार की सुबह दिल्‍लीवालों के लिए मौसम के लिहाज से कुछ खास नहीं दिख रहा है। उमस के साथ तेज धूप निकली है बारिश होने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं।

09:08 (IST)05 Sep 2019
भोपाल में तेज बारिश

मध्य प्रदेश की राजधानी  भोपाल में कल दोपहर काफी बारिश हुई।  बादल ऐसे छाए रहे कि कुछ देर के लिए अंधेरा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले  24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। 

08:34 (IST)05 Sep 2019
150 मौसम स्टेशनों में से करीब 100 में पिछले 24 घंटे में 200 मिमी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के 150 मौसम स्टेशनों में से करीब 100 में पिछले 24 घंटे में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि ‘‘ इससे पता चलता है कि मुम्बई में कितने व्यापक स्तर पर बारिश हुई।

08:11 (IST)05 Sep 2019
बंगाल की खाड़ी में दबाव

मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काई मेट के मुताबिक, सातवां निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बना है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो यह निम्न दबाव का क्षेत्र पिछले सिस्टम से अधिक प्रभावशाली होगा। इसका प्रभाव भी अगले तीन से चार दिनों तक बना रहेगा।

07:42 (IST)05 Sep 2019
मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी

मुंबई में बारिश का कहर जारी है। बीएमसी ने लोगों को समंदर के पास  ना जाने की सलाह दी है। बारिश के चलते स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। बारिश के चलते कई और इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।