धुंध वजह से मुंबई-आदमपुर फ्लाइट के संचालन बुधवार को प्रभावित हुआ। मुंबई से आने वाली फ्लाइट आदमपुर एयरपोर्ट पर धुंध की वजह से दृश्यता में आई कमी के चलते लैंडिंग के लिए नहीं पहुंच पाई। फ्लाइट को बीच रास्ते ही चंडीगढ़ से वापस दिल्ली के लिए डाइवर्ट कर दिया गया।  इससे पहले उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को ठंड बढ़ गई और कई राज्यों में घना कोहरा छाया रहा जबकि दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, तो वहीं कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया।

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बहुत हल्की बारिश हुई, जबकि हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे चला गया। हिमाचल प्रदेश में, केलांग और कल्पा में पिछले 24 घंटों में शुष्क मौसम के बावजूद शून्य डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया। यह इस मौसम में अब तक का राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान है।

Live Blog

15:07 (IST)16 Dec 2020
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन

पहाड़ी राज्यों में शुमार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर सकता है। 

14:41 (IST)16 Dec 2020
यूपी में हवा चलने से बढ़ी ठंड, सुबह-शाम हल्के कोहरे का अनुमान

यूपी में उत्तरी-पश्चि‍मी हवा चल रही है। ऐसे में धूप निकलने पर भी ठंड बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में सुबह-शाम हल्का कोहरा रहेगा। अभी बारिश के कोई आसार नहीं है। इस महीने के अंत में कड़ाके की सर्दी पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। कोहरा बढ़ने के साथ-साथ ही गलन भी बढ़ेगी। बुधवार को मौसम साफ रहा। दिन में धूप निकली।

14:02 (IST)16 Dec 2020
राजस्थान के कई इलाके सर्दी व कोहरे की चपेट में

राजस्थान के ज्यादातर इलाके कड़ाके की सर्दी और कोहरे की चपेट में हैं और गंगानगर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिन शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी है। मंगलवार रात न्यूनतम तापमान गंगानगर में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पिलानी में 4.4 डिग्री सेल्सियस, चुरू में 5.1 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 5.2 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 6.1 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 6.2 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 7.5 डिग्री सेल्सियस व अलवर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

13:36 (IST)16 Dec 2020
दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में, एक्यूआई 278 दर्ज

दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 278 दर्ज किया गया। मंगलवार को 24 घंटे का औसतन एक्यूआई 230 रहा। सोमवार को यह 160, रविवार को 305 और शनिवार को 356 रहा था। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

12:44 (IST)16 Dec 2020
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी: मौसम विभाग

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिन के ठंडे रहने के साथ ही शीत लहर चलने का पूर्वानुमान है।

12:11 (IST)16 Dec 2020
दिल्ली में अगले दो दिन तक ‘शीत लहर’ चलने का पूर्वानुमान: आईएमडी

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने के साथ ही बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिल्ली में दिन में ठंड रहने और शीत लहर चलने का पूर्वानुमान लगाया है। उसने बताया कि पालम में दृश्यता गिरकर 100 मीटर हो गई थी।

11:26 (IST)16 Dec 2020
दिल्ली के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री से. की गिरावट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राजधानी में अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है। शहर में तापमान के आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था।

11:04 (IST)16 Dec 2020
सामान्य से तापमान दो दिन तक 4.5 डिग्री रहा कम तो होगी शीतलहर की घोषणा

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन के लिए भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता ''खराब'' श्रेणी में रही। 24 घंटे के दौरान शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 230 रहा।

10:11 (IST)16 Dec 2020
हिमाचल में केलांग रहा सबसे ठंडा

हिमाचल प्रदेश में, जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मनाली, डलहौजी और कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.2, 1.4 और 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

09:44 (IST)16 Dec 2020
दिल्ली में अगले दो से तीन दिन तक रहेगी ठंड

दिल्ली में बुधवार की सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से राजधानी की सड़कों पर दृश्यता कम रही। राजधानी में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा।

09:16 (IST)16 Dec 2020
राजस्थान के चुरू में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री

राजस्थान के चुरू में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा जबकि पिलानी में यह 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, गंगानगर में 6.4 डिग्री, फलौदी में 6.6 डिग्री, सीकर में 7.0 डिग्री, जैसलमेर में 7.4 डिग्री व अलवर में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी जयपुर में यह 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।