Weather forecast today, Cyclone Fani News Updates: फानी तूफान शुक्रवार को पुरी में दाखिल होगा। ऐहतियात बरतते हुए सभी पर्यटकों को इलाके से निकल जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के हवाले से कुछ टीवी रिपोर्ट्स में कहा गया- तमिलनाडु, ओडिशा और प.बंगाल में भी इस तूफान के प्रभाव की आशंका है। उस दौरान लगभग 175 से 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
इससे पहले, मौसम विभाग ने फैनी तूफान के चलते उत्तर प्रदेश में दो से तीन मई के बीच अलर्ट जारी किया है। तूफान अभी तेजी से ओडिशा के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि तूफान ओडिशा के अलावा यूपी के लिए भी खासा खतरनाक साबित हो सकता है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यूपी के कन्नौज सहित कई जिलों में हल्की बारिश के साथ तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि नमी और तेज हवा से फसल बचाने के लिए कटी फसल, अनाज, खेतों में तैयार खड़ी फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था कर लें।
चक्रवात फानी अब पूर्वोत्तर की तरफ मुड़ रहा है। विशाखापत्तनम के तट के समानांतर चल रहा है। यह पुरी के दक्षिण दिशा में आएगा।नौसेना समेत अन्य सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है।
संयुक्त तूफान चेतावनी केंद्र (जेडब्ल्यूटीसी) के अनुसार 1999 के बाद से सुपर साइक्लोन के बाद फानी को सबसे खतरनाक तूफान माना जाता है।
फानी तूफान के चलते आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गुरुवार तक भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। तटीय इलाकों में नौसेना अलर्ट पर है और एहतियात के तौर पर 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
रेलवे ने फेनी चक्रवात के चलते कोलकाता के अलावा, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के 19 जिलों में 103 ट्रेनों को रद्द और दो ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है।
राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने चुनाव आयोग से तटीय इलाकों में तीव्र गति से राहत एवं पुनर्वास गतिविधियां चलाने के लिए आदर्श आचार संहिता हटाने का अनुरोध किया था।
राज्य के पुलिस प्रमुख आर पी शर्मा ने बताया कि पुलिसर्किमयों की भी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। जो पुलिसकर्मी छुट्टी पर हैं उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है। प्रभावित जिलों में आईएएस अधिकारियों को राहत, बचाव और पुनर्वास अभियान का प्रमुख बनाया गया है।
गंजम, पुरी, खोरधा, कटक और जगतसिंहपुर जिलों में मूसलाधार बारिश होने और 175 से 200 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने की उम्मीद हैं। राज्य के मुख्य सचिव ए पी पधी ने कहा कि सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवा कर्मियों की छुट्टियां 15 मई तक रद्द कर दी गई हैं।
विशेष राहत आयुक्त बी पी सेठी ने कहा कि तटीय और दक्षिणी जिलों के कलेक्टरों से गुरुवार तक निचले इलाकों से लोगों को निकालने का काम पूरा कर लेने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को शाम तक यहां तूफान के दस्तक देने की आशंका है। इस दौरान समुद्र में डेढ़ मीटर से ज्यादा ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर पुरी से करीब 660 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित तूफान ओडिशा तट की तरफ अभी 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि नौसेना, भारतीय वायुसेना और तटरक्षक बल को किसी भी चुनौती से निपटने के लिये हाईअलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) और दमकल सेवाओं को असैन्य प्रशासन की सहायता के लिये संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है।
भीषण चक्रवाती तूफान फोनी के शुक्रवार को ओडिशा के पुरी में दस्तक देने की आशंका के मद्देनजर रक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिये गए हैं और तटीय जिलों में रह रहे हजारों लोगों को सुरक्षित इलाके में पहुंचाया गया है।
संयुक्त तूफान चेतावनी केंद्र (जेडब्ल्यूटीसी) की तरफ से जारी नवीनतम पूर्वानुमान के मुताबिक 1999 के सुपर साइक्लोन के बाद फोनी सबसे खतरनाक चक्रवात माना जा रहा है जिसके तीन मई को दोपहर बाद जगन्नाथ पुरी से गुजरने की आशंका है और इस दौरान हवा की रफ्तार 175 किलोमीटर प्रतिघंटे के आसपास रहने की उम्मीद है।
तूफान की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने ओडिशा के 11 तटीय जिलों से आदर्श आचार संहिता हटा ली है। एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि राज्य एक गंभीर चक्रवाती तूफान का सामना कर रहा है, जिसके तीन मई की दोपहर को पुरी जिले के सतपाडा के पास 175-185 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तट को पार करने की उम्मीद है।