Weather Forecast, Temperature Today Updates: उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में प्रचंड शीतलहर चल रही है। सोमवार को राज्य के ज्यादातर मण्डलों में तापमान में गिरावट होने से गलन भरी सर्दी महसूस की गई। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई इलाके जबर्दस्त शीतलहर की चपेट में रहे। कुछ क्षेत्रों में बारिश या बूंदाबांदी भी हुई।

सोमवार को राज्य के फैजाबाद, लखनऊ, बरेली, मेरठ, आगरा तथा कानपुर मण्डलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी। फैजाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, मुरादाबाद और झांसी मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान के गंगानगर, बीकानेर और जैसलमेर सहित अनेक इलाकों में मावठ सर्दी की बारिश होने से मौसम बदल गया है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत है। मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में गंगानगर में 11.8 मिलीमीटर, बीकानेर में 5.4 मिलीमीटर, फलौदी में 7.6 मिलीमीटर और जैसलमेर में 13.7 मिलीमीटर बारिश हुई।

शनिवार रात बूंदी में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री, कोटा में 8.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 8.0 डिग्री, अलवर में 8.2 डिग्री और जैसलमेर में 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि सोमवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रही और हल्की हवा चली।

Live Blog

22:28 (IST)13 Jan 2020
गोरखपुर और फैजाबाद में तापमान में आयी गिरावट

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फैजाबाद मण्डलों में रात के तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान बहराइच राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री कम था। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक इलाकों में प्रचंड शीतलहर चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर कोहरा भी गिर सकता है।

22:27 (IST)13 Jan 2020
बर्फबारी के चलते कश्मीर में उड़ानें हुईं प्रभावित

कश्मीर में बर्फबारी जारी रहने से सोमवार को भी सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई जिससे निवासियों को कंपकंपाती ठंड से कुछ राहत मिली।

21:56 (IST)13 Jan 2020
राजस्थान के इन इलाकों में कोहरा छाने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चौबीस घंटों में पूर्वी राजस्थान में सीकर, झुंझनूं,जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर तथा पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर, चुरु, हनुमानगढ़, बीकानेर और जैसलमेर में कोहरा छाया रह सकता है।

20:50 (IST)13 Jan 2020
राजस्थान में तेज धूप से न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोत्तरी

राजस्थान के अधिकतर इलाकों में धूप निकलने तथा न्यूनतम तापमान में मामूली बढोत्तरी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात राज्य के अधितर हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के आसपास रहा। शनिवार रात न्यूनतम तापमान बूंदी में 4.4 डिग्री, कोटा में 4.9 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 5.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 5.1 डिग्री, चुरू में 6.1 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजधानी जयपुर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

18:54 (IST)13 Jan 2020
दिल्ली में सामान्य हुआ तापमान, ठंड से मिली राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के लिए सामान्य है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 327 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में ठंड का प्रकोप जारी है।

18:52 (IST)13 Jan 2020
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मनाली में आज हुई बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में फिर हुई बर्फबारी

18:11 (IST)13 Jan 2020
जम्मू, लद्दाख में भारी बर्फबारी

जम्मू और लद्दाख के ऊंचाई वाले हिस्सों में भारी बर्फबारी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि सुबह 8:30 बजे तक श्रीनगर में दो सेमी और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में नौ सेमी बर्फबारी दर्ज की गई।

16:50 (IST)13 Jan 2020
दिल्ली में सामान्य रहा तापमान

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के लिए सामान्य है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 327 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

16:49 (IST)13 Jan 2020
हिमाचल प्रदेश के कल्पा में एक सेमी तक बर्फबारी

शिमला मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि कल्पा में एक सेमी बर्फबारी हुई तो वहीं कोठी में 11 मिमी, मनाली में छह मिमी, सेवबाग में पांच मिमी और भूंतर में तीन मिमी बारिश दर्ज की गई।

16:45 (IST)13 Jan 2020
उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश का अनुमान

एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। इसका सिस्टम मध्य पाकिस्तान और राजस्थान के पास विकसित हुआ है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हो सकती है तथा बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। पश्चिम विक्षोभ का असर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब पर भी नजर आ सकता है। इसके प्रभाव से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बादलों की गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई गई है साथ ही साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

15:57 (IST)13 Jan 2020
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का अनुमान

पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तरी मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी गुजरात, उत्तरी कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

15:00 (IST)13 Jan 2020
इन इलाकों में ऑरेज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहुल स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमालयीन क्षेत्रों में बर्फीला तूफान आने की भी आशंका है। ऐसे में आस-पास के क्षेत्रों में जोरदार बर्फबारी और बारिश देखने को मिल सकती है।

13:58 (IST)13 Jan 2020
कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड

बता दें कि पिछले दिनों पहाड़ों पर हुई बारिश के चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में शीतलहर जारी है। इससे लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला बर्फिस्तान में तब्दील हो गई है। शिमला में हुई भारी बर्फबारी के तीन दिन बाद भी लोगों को आने-जाने के लिए फिसलन भरे रास्तों पर पैदल ही अपना सफर तय करना पड़ रहा है। दूसरी ओर पानी के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

13:17 (IST)13 Jan 2020
पंजाब में हुई बारिश

मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही आशंका जताई थी कि 13 जनवरी को लोहड़ी के मौके पर बारिश हो सकती है। जिसके बाद आज पंजाब के अधिकतर हिस्‍सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। लोहड़ी के दिन कई लोग पतंगबाजी करते हैं, लेकिन बारिश के कारण पतंगबाजी के शौकीनों को निराश होना पड़ा है। लोहड़ी पर बारिश होने के बाद पतंगबाज काफी मायूस दिखे।

12:47 (IST)13 Jan 2020
दिल्ली में चलेंगी तेज हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिम विक्षोभ 15 से 17 जनवरी के बीच सक्रिय होगा। इसके असर के चलते 15 जनवरी की रात को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। 16 जनवरी को भी हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 17 जनवरी की दोपहर तक इस पश्चिम विक्षोभ का असर रहेगा। 15 से 17 दिसम्बर तक हवा की स्पीड 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।

12:19 (IST)13 Jan 2020
Jammu and Kashmir current weather: जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की वजह से यहां सड़कों पर बर्फ की चादर बिछ गई है। श्रीनगर से जो तस्वीरें सामने आई हैं उसमें नजर आ रहा है कि शहर में कई जगहों पर भारी बर्फबारी हुई है।


11:56 (IST)13 Jan 2020
बिहार में सुबह के वक्त कोहरा

बिहार के कई जिलों में सोमवार को भी सुबह में घना कोहरा छाया है और आज भी पूरे दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, दोपहर बाद हल्की धूप निकलने की संभावना है। लेकिन, बर्फीली हवा चलने की वजह से धूप की तपिश का असर नहीं दिखेगा। रविवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने से दिन-रात कंपकपी भरी ठंड महसूस की गयी।

11:25 (IST)13 Jan 2020
Bihar, India Daily Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड

देश के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार में भी देखा जा रहा है। बर्फीली हवाओं की वजह से पटना सहित बिहार के कई जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। सोमवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। पछुआ हवा से कनकनी बढ़ गई है तो वहीं सुबह-सुबह फुहारों जैसी बारिश से ठंड अपने परवान पर दिख रही है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को पूरे दिन ठंड सताएगी तो वहीं मंगलवार से स्थिति में सुधार हो सकता है।

10:57 (IST)13 Jan 2020
दिल्ली में बढ़ सकती है ठंड

पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश से दिल्ली में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार को पहाड़ों पर ठंड बढ़ सकती है जिसका असर दिल्ली में भी देखने को मिल सकता है। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है और यहां पारा तेजी से नीचे गिरा है।

10:15 (IST)13 Jan 2020
Manali, Himachal Pradesh, India Three Day Weather Forecast: जानिए मनाली का तापमान

पर्यटन के लिए मशहूर मनाली में तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंचा गया। अभी पिछले हफ्ते ही यहां बर्फबारी हुई है और भारी बर्फबारी की वजह से सड़कों पर बर्फ की चादर बिछ गई है। मनाली का तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि डलहौजी में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री और धर्मशाला में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

10:11 (IST)13 Jan 2020
ऊंचाई वाली जगह पर ना जाने की सलाह

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में लोगों को बर्फ से आच्छादित इलाकों और ऊंचाई वाली जगहों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 से 19 जनवरी तक जिले में भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। उन्होंने बताया कि लोगों को ऊंचाई वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है।

09:55 (IST)13 Jan 2020
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस

मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। फिलहाल सोमवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

09:11 (IST)13 Jan 2020
Delhi, Delhi, India Three Day Weather Forecast: दिल्ली में हल्की बारिश के आसार

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जबकि गुजरात, तटीय तमिलनाडु और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं।

08:56 (IST)13 Jan 2020
Srinagar, Jammu and Kashmir, India Daily Weather: घाटी में हिमपात

कश्मीर घाटी में रविवार को कई क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ जिससे ठंड बढ़ने के साथ ही हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। श्रीनगर एयरपोर्ट से रविवार दोपहर तक कोई उड़ान नहीं हो पाई। मौसम विभाग ने सोमवार भी राज्‍य के कई क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की आशंका जताई है।

08:35 (IST)13 Jan 2020
हिमाचल में जारी रहेगी बर्फबारी

मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का दौर 17 जनवरी तक जारी रह सकता है। जारी अलर्ट में कहा गया है कि 16 व 17 जनवरी को भारी बर्फबारी और बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

08:07 (IST)13 Jan 2020
ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 13 जनवरी को सोलन को छोड़कर हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों में भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि के लिए अलर्ट जारी किया है। राज्‍य में 13 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहुल स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

07:37 (IST)13 Jan 2020
उत्तर भारत में बढ़ सकती है ठंड

मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में जैसे ही बर्फ गलनी शुरू होगी उत्‍तर भारत के इलाकों में ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और हिमपात का सिलसिला आज भी जारी रहेगा जबकि पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्‍की बारिश हो सकती है।