Weather forecast Today India: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मूसलाधार बारिश और तत्पश्चात उससे आयी बाढ़ से नीलम घाटी में बड़ी संख्या में मकान और मस्जिदें ध्वस्त हो गयीं तथा विभिन्न हादसों में कम से कम 28 लोग मारे गए हैं। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, बादल फटने की घटना में घाटी के लास्वा इलाके में 150 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और दर्जनों लोग बाढ़ में बह गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण आयी बाढ़ में दो मस्जिदें पूरी तरह तबाह हो गयीं। मोबाइल फोन और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हुई हैं। पकिस्तानी सेना ने एक बयान में कहा कि उसने सोमवार को एक गांव में फंसे 52 लोगों को हेलीकॉप्टर से निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। अभी भी कई लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने का प्रयास चल रहा है।

जिला प्रशासन, आपद प्रबंधन प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस क्षेत्र में बचाव अभियान चला रहे हैं। अखबार के अनुसार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में अभियान निदेशक सादुर रहमान कुरैशी ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। उन्होंने संख्या में इजाफे की आशंका भी जतायी है। उन्होंने कहा कि मरने वालों में 10 इस्लामिक मिशनरी भी शामिल हैं।

 

Live Blog

21:35 (IST)16 Jul 2019
नीतीश कुमार ने किया दौरा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के बाढ़ग्रस्त इलाकों का जायजा लिया।

20:59 (IST)16 Jul 2019
वाहन के नदी में गिरने से तीन की मौत

मदकोट क्षेत्र के निकट एक पिकअप वाहन के गोरी नदी में गिर जाने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया।पिथौरागढ के अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल ने यहां बताया कि सोमवार देर रात हुई दुर्घटना के समय वाहन भारी बारिश के बीच मुनस्यारी से मदकोट जा रहा था।उन्होंने बताया, ‘‘अंधेरे के अलावा कल रात भारी बारिश के कारण सड़क भी फिसलनभरी हो गयी थी और संभवत: इसी वजह से वाहन सडक से फिसलकर गोरी नदी में गिर गया।

दुर्घटना में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य घायल भी हो गया।’’ पालीवाल ने बताया कि पिकअप वाहन नदी की तेज धारा में बह गया होगा और अगर मृतकों के शव चट्टान में न अटकते तो उन्हें ढूंढ पाना भी बहुत मुश्किल हो जाता।उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रविंद्र रावत , धीरज कुमार और रंविद्र बिष्ट के रूप में हुई है। घायल सूरज पालीवाल को मदकोट के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जिले के सीमावर्ती इलाकों में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है।

19:57 (IST)16 Jul 2019
मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने रेड एलर्ट जारी करते हुए बताया कि केरल के मल्लपुरम में 18 जुलाई को भारी बारिश की आशंका है।

19:33 (IST)16 Jul 2019
सकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में परेशानी

दक्षिण मुंबई के डोंगरी क्षेत्र में मंगलवार को एक इमारत ढहने के बाद घटनास्थल के आस-पास तंग गलियां होने के कारण राहतर्किमयों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।कई ऊंची इमारतों वाले सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में से एक डोंगरी के कुछ निवासियों ने बताया कि अगर जेसीबी मशीनें दुर्घटनास्थल तक पहुंच पातीं तो ज्यादा लोगों की जिंदगियों को बचाया जा सकता था।आवासीय मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने जानकारी दी कि दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके में संकरी गली में स्थित ‘केसरबाग’ इमारत ढह जाने से 12 लोगों की मौत हो गई।अधिकारियों का कहना है कि मलबे में 40 से 50 लोगों के फंसे होने की आशंका है।

एंबुलेंस भी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं और इन्हें करीब 50 मीटर की दूरी पर खड़ा किया गया। डोंगरी क्षेत्र के निवासी शाहनवाज कापडे ने कहा कि अगर हादसा स्थल तक जेसीबी मशीनें पहुंच जातीं तो हताहतों की संख्या कम हो सकती थी।उन्होंने कहा, ‘‘आप अब समझ सकते हैं कि अगर बारिश हो रही होती तो क्या होता। अच्छी बात यह है कि बारिश नहीं हो रही है वरना इन संकरी गलियों में बचाव अभियान लगभग असंभव होता क्योंकि बचावकर्मी खुलकर चल भी नहीं सकते।

18:50 (IST)16 Jul 2019
बिहार में बारिश-बाढ़ से अब तक 25 की मौत

देशभर के कई राज्यों के बाढ़ की चपेट में आने से चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। कहना गलता नहीं होगा कि पूरव से पश्चिम से और उत्तर से दक्षिण तक भारी बारिश के चलते हालात सामान्य नहीं है। भारी बारिश और नदियों में जलस्तर बढ़ने का सबसे बुरा असर बिहार में पड़ा है।

प्रदेश के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जहां के 25 लाख लोग प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बाबत विधानसभा में जानकारी दी। सीएम ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में हालात का जायजा लेने के लिए करीब चार घंटे तक हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से 24 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है जबकि 1.25 लाख लोगों को बाढ़ से बचाते हुए सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

18:04 (IST)16 Jul 2019
UN प्रमुख ने भारत सहित दपू एशिया में हुई मौतों पर जताया अफसोस

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भारत, नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार में भारी मानसूनी बारिश के कारण हुई मौतों, विस्थापन और संपत्ति के नुकसान पर अफसोस जाहिर करते हुये कहा है कि विश्व निकाय, जहां भी आवश्यकता होगी मदद करने के लिए तैयार है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने सोमवार को कहा कि संरा के मानवीय सहायता करने वाले अफसरों के मुताबिक, भारत में हुई भारी मानसूनी बरसात के चलते दस लाख लोगों को अपनी जगह छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और बारिश के कारण होने वाले हादसों में 44 लोग जान गंवा चुके हैं।

हक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र इस जानमाल के नुकसान को लेकर भारत और नेपाल के लोगों और सरकार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता है और अगर जरूरत हुई तो वह अपनी तरफ से मदद करने को तैयार है। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार महासचिव गुतारेस दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया विशेषकर भारत, बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार में भारी बारिश के कारण लोगों की हुई मौत, विस्थापन और संपत्ति के नुकसान को लेकर दुखी हैं।

17:07 (IST)16 Jul 2019
मॉनसून की धीमी चाल से यहां टली खरमोर की आमद

मॉनसून में देरी और बाद में इसकी सुस्त चाल से मुफीद बसाहटें विकसित न होने से मध्य प्रदेश में इस बार खरमोर की आमद टल गई है। दुनिया की संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल मेहमान परिंदे का सूबे में इंतजार बरकरार है। प्रदेश में वन विभाग के साथ मिलकर खरमोर के संरक्षण के लिये वर्षों से सक्रिय पक्षी विज्ञानी अजय गड़ीकर ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि धार जिले के सरदारपुर अभयारण्य, रतलाम जिले के सैलाना अभयारण्य, नीमच जिले के जीरन क्षेत्र और झाबुआ जिले के पेटलावद क्षेत्र में खरमोर के आगमन को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

16:30 (IST)16 Jul 2019
उत्तराखंड के लिए भी अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले चौबीस घंटों में देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भयंकर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां के निवासियों को सावधानियां बरतने और घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है।

15:33 (IST)16 Jul 2019
बारिश के बाद दिल्ली में गिरा पारा, सुबह मौसम रहा खुशनुमा

देश की राजधानी नई दिल्ली में सोमवार हुई बारिश के बाद मंगलवार को पारा गिर गया, जिससे सुबह मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग ने कहा कि न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य औसत से तीन डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 29.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

विभाग ने मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई। एक अधिकारी के हवाले से कहा गया, ‘‘बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापतान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।’’ वह आगे बोले कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 84 प्रतिशत रहा। बता दें कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.6 और अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

15:19 (IST)16 Jul 2019
बाढ़ पर राहुल ने जताई चिंता, बोले- एक्शन में आएं पार्टी कार्यकर्ता

देश के कई हिस्सों में आई भयावह बाढ़ पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत और बचाव कार्य में जुट जाएं। उनके ट्वीट के मुताबिक, ''असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा और मिजोरम में बाढ़ से हालात बेकाबू हो गए हैं। जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।"

गांधी ने कहा, ''मैं इन सभी राज्यों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं वे आम लोगों के राहत और बचाव कार्य में तत्काल जुटें।" बता दें कि बिहार और असम सहित कई राज्य भयावह बाढ़ का सामना कर रहे हैं। बिहार के 12 जिलों में आई बाढ़ से अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 25 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

15:02 (IST)16 Jul 2019
199 राहत शिविरों में 1.16 लाख लोगों ने ले रखी है शरण

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य में अचानक आई बाढ़ से 25 लोगों की मौत हुई है, जबकि 16 जिलों में 25.71 लाख लोग प्रभावित हुए। मंगलवार को उन्होंने विधानसभा में कहा, ‘‘मैंने राहत-बचाव अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। कुल 125 मोटर नौकाएं इस काम में लगाई गई हैं व एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 26 कंपनियां तैनात की गई हैं। उससे हमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सवा लाख लोगों को बचाने में मदद मिली है।’’

सीएम के मुताबिक, अब तक 199 राहत शिविर लगाए हैं जहां 1.16 लाख लोगों ने शरण ले रखी है। कुल 676 सामुदायिक रसोई घर बनाए गए हैं और जरूरत महसूस हुई तो और ऐसे और रसोई घर बनाए जा सकते हैं। बकौल सीएम ‘‘अतिसार जैसी जलजनित बीमारियां फैलने से रोकने के लिए स्वच्छ पेयजल एवं दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।’’

14:18 (IST)16 Jul 2019
बिहार के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश की चेतवानी दी है। वहीं बिहार विधानसभा में राजद के साथ अन्य विपक्षी दलों ने बाढ़ की बदतर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की राजग सरकार पर स्थिति से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। राजद और भाकपा माले के सदस्य कार्यस्थगन प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे पर सबसे पहले बहस चाहते थे, जिससे अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के अस्वीकृत कर दिए जाने पर विपक्षी अध्यक्ष के आसन के समीप आकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे।

13:34 (IST)16 Jul 2019
दिल्ली के मौसम का हाल

मौसम विभाग ने एक बयान जारी कर बताया कि मंगलवार को भी दिल्ली में बारिश हो सकती है। विभाग के मुताबिक बारिश गुरुवार तक जारी रह सकती है। मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली एक निजी एजेंसी स्काईमेट पूर्व में अनुमान जता चुकी है कि दिल्ली और इसके पास के क्षेत्रों में सोमवार से बारिश हो सकती है।

12:19 (IST)16 Jul 2019
मुंबई में इमारत गिरी, 40 लोगों के दबे होने की आशंका

आर्थिक राजधानी मुंबई के डोंगरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत ढह गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक इमारत के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। एजेंसी ने बताया कि राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची है। वहीं हिंदी न्यूज चैनल एबीपी ने सूत्रों के हवाले से खबर दी कि इमारत के नीचे चालीस लोगों की दबे होने की आशंका है।  सूत्रों ने बताया कि इमारत संकरी गली में होने की चलते बचाव अभियान में खासी दिक्कत आ रही है।

12:17 (IST)16 Jul 2019
बिहार में बाढ़ पर बोले सीएम नीतीश

भारी बारिश और नदियों में जलस्तर बढ़ने का सबसे बुरा असर बिहार में पड़ा है। प्रदेश के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जहां के 25 लाख लोग प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बाबत विधानसभा में जानकारी दी। सीएम ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में हालात का जायजा लेने के लिए करीब चार घंटे तक हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से 24 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है जबकि 1.25 लाख लोगों को बाढ़ से बचाते हुए सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

11:10 (IST)16 Jul 2019
पूर्वोत्तर और बिहार में हालात की स्थिति

पूर्वोत्तर और बिहार के कुछ हिस्सों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं सैलाब की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा से करीब 70 लाख लोग प्रभावित हैं। असम के 33 में से 30 जिलों के करीब 43 लाख लोग सैलाब से प्रभावित हैं। बाढ़ ने यहां 15 लोगों की जान भी ले ली है। इसके अलावा, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान, पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य और मानस राष्ट्रीय उद्यान भी जलमग्न हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनेवाल से़ फोन पर बात की और राज्य में बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी ली। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि राज्य के 4,157 गांवों के 42.87 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में ब्रह्मपुत्र का जलस्तर खतरे के निशान से पार चला गया है।

11:00 (IST)16 Jul 2019
मौसम विभाग का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

10:16 (IST)16 Jul 2019
बाढ़ के बाद असम का हाल

असम में बाढ़ के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सोमवार को राज्य में रेड अलर्ट का ऐलान कर दिया गया। लगातार हो बारिश के चलते असम के करीब 43 लाख लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। मूसलाधार बारिश के हजारों इमारतों को नुकसान हुआ, जबकि कई इमारतें धराशाही हो गई हैं।

09:08 (IST)16 Jul 2019
क्या बोले भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक

भारतीय मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘मानसून दबाव का क्षेत्र हिमालय की तलहटी से दक्षिण की ओर थोड़ा आगे बढ़ा है। अब यह पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर नगालैंड तक फैला हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक 1-15 जुलाई के बीच सफदरजंग वेधशाला ने 55.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जो इस अवधि के दौरान पिछले 30 साल के औसत 88.3 मिलीमीटर से 61.5 फीसद कम है। पांच जुलाई को मानसून के आगमन के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में 54.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है । महीने के पहले पांच दिन में बस 1.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। आर्द्रता 64 और 96 फीसद के बीच रही।

08:54 (IST)16 Jul 2019
दिल्ली के मौसम का हाल

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 28.8 मिलीमीटर वर्षा होने के साथ ही दिल्लीवासियों का मानसूनी बारिश का लंबा इंतजार समाप्त हुआ तथा अगले दो-तीन दिन तक और वर्षा होने की संभावना है। यह इस साल जुलाई में अधिकतम वर्षा है। यहां छह दिन की भीषण गर्मी के बाद यह बारिश हुई। शहर के लिए आधिकारिक आंकड़े प्रदान करने वाली सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार शाम साढ़े पांच बजे तक 28.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की। पालम, लोधी रोड, रिज, आयानगर, नजफगढ़ और खेलकूद परिसर में क्रमश:25.8, 23.2, 13.2, 19.9, 4 और 7 मिलीमीटर वर्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी स्थान पर 65 मिलीमीटर से अधिक वर्षा भारी वर्षा मानी जाती है।

08:24 (IST)16 Jul 2019
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश

पंजाब और हरियाणा तथा इनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बारिश हुई है और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

07:36 (IST)16 Jul 2019
पालघर और ठाणे जिलों के नदी तट पर बसे 75 गांवों में अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में नगर निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य के पालघर और ठाणे जिलों के नदी तट पर बसे 75 गांवों को अलर्ट पर रखा गया है क्योंकि क्षेत्र के प्रमुख बांधों में जल स्तर ओवरफ्लो के निशान के नजदीक पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि ऊना राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां पारा 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि केलांग में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

07:24 (IST)16 Jul 2019
दिल्ली में मानसून का इंतजार खत्म

राष्ट्रीय राजधानी में मानसून का लंबा इंतजार सोमवार को खत्म हो गया, और दिल्ली में 28.8 मिमी बारिश हुई जो इस साल जुलाई में सबसे ज्यादा है। आगामी दो-तीन दिनों में और वर्षा होने का अनुमान है।