Weather forecast Today India Updates: शनिवार को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। जिन राज्यों में भारी बारिश आ सकती है , उनमें उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल की हिमालयी इलाका और सिक्किम, कोंकण, गोवा और उत्तरी कर्नाटक शामिल है। उत्तराखंड और पंजाब, बिहार, तेलंगाना के कुछ इलाकों में सामान्य बारिश की संभावना है।
पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से मेघालय में कई स्थानों पर अचानक बाढ़ आ गई है और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। इसके कारण कई जगहों पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री किरमेन शायला ने बताया कि कई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला प्रशासनों को तत्काल कार्रवाई के लिए आपातकालीन अभियान संचालन केंद्र स्थापित करने के लिए कहा गया है। शायला ने बताया कि क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि अगले 2 हफ्ते तक देश के केन्द्रीय और पश्चिमी हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रह सकती है। जिसका असर सोयाबीन और कपास की खेती पर पड़ सकता है। हालांकि इस दौरान उत्तर पूर्वी राज्य और हिमालयी इलाकों में अच्छी बारिश होगी।
पूरे देश पर लगभग छाने के बाद मानसून ने हल्का सा ब्रेक ले लिया है। जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों में बारिश थम सी गई है। जिससे लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। आमतौर पर पूरे देश में छाने के बाद मानसून हल्का सा ब्रेक लेता है, लेकिन सामान्यतः यह अगस्त माह में होता है, लेकिन इस बार अल नीनो तूफान के चलते यह जुलाई में ही हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के लिए अभी लोगों को और इंतजार करना होगा। बताया जा रहा है कि अगले 4 दिनों तक भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस अभी और झेलनी पड़ेगी। हालांकि इस दौरान बादल छाए रहेंगे और तेज हवा भी चल सकती है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तरी बंगाल में मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका जाहिर की है। दार्जिलिंग में बारिश के चलते भुस्खलन की समस्या हो सकती है। लोगों को सावधान रहने को कहा गया है। मौसम अधिकारी ने उत्तरी बंगाल के दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में रविवार सुबह तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। वन्य दुआर क्षेत्र में पड़ने वाले निचले इलाकों में कई चाय के बागान हैं लेकिन लगातार बारिश के कारण वहां बाढ़ आ गई है।
मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हुई है, लेकिन यह इतनी नहीं हुई कि लोगों को गर्मी से राहत मिल जाए। एमपी के कई इलाकों में पारा अभी भी काफी ज्यादा है और लोगों को उमस से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार की राजधानी पटना पर भारी जलभराव हो गया है। जिसके चलते लोगों को इसी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
दिल्ली से सटे नोएडा में उमस भरा मौसम है। आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं, लेकिन तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस के करीब है। शाम के वक्त उमस बढ़ने का अनुमान है, जिससे गर्मी से लोगों को परेशानी हो सकती है।
भारी बारिश से जूझ रही मुंबई को हाल में राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली एक निजी वेबसाइट के मुताबिक शहर के कई इलाकों में आज भी खूब बारिश होने के आसार है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान 27 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
गुवाहाटी में भारी बारिश के चलते चार ट्रेनों को या तो रद्द किया गया है या फिर उनकी दूरी घटाई गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक बारिश के चलते जतिंगा लंपुर और नया हरंगजॉ के बीच रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहने के आसार है। मौमस से जुड़ी एक निजी वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को शहर का तापमान 30 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वेबसाइट के मुताबिक शनिवार को भी दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और तापमान 28 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दिल्लीवासी शुक्रवार सुबह गर्मी और उमस से परेशान रहे। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 55 प्रतिशत दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि दिन में धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में 15 -16 जुलाई को बारिश हो सकती है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को भी उमस भरा दिन रहा और अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ सहित कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। इससे शहर के तापमान में खासी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब में शनिवार तक और अधिक बारिश होने की संभावना जताई है।