Weather Forecast: भयंकर बारिश से जूझ रही मुबंई और इसके आसपास के क्षेत्रों को हाल के दिनों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आती। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा रविवार (28 जुलाई, 2019) को भी मुंबई और इसके आसपास 200 एमएम तक बारिश हो सकती है। किसी भी अप्रिय स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि संबंधित विभाग अलर्ट पर रहें। जिन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, उनमें ठाणे, पालघर जैसे इलाके शामिल हैं।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। आज प्रशासन ने यात्रियों को कश्मीर घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी। घाटी समेत श्रीनगर में आज सुबह से ही मौसम खराब है।

दूसरी तरफ असम और बिहार में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां अब तक 214 लोगों की जान जा चुकी है। बारिश ने राजस्थान में भी तबाही मचाई है, जहां पिछले दो दिनों में बारिश संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के बाद छत गिरने से एक लड़की की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जहां रुक-रुक कर बारिश हो रही थी।।

Live Blog

22:21 (IST)28 Jul 2019
राजस्थान में बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में मृतकों की संख्या 22 तक पहुंची

राजस्थान में भारी बारिश के चलते जहां कोटा और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, वहीं राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश से जुड़े हादसों में नौ और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या 22 तक पहुंच गई है। राज्य के आपदा राहत प्रबंधन दल ने भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे कोटा में निचले इलाकों में रह रहे लगभग 250 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

21:17 (IST)28 Jul 2019
पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश में जमकर हुई बारिश

मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में पिछले 24 घंटों में जमकर बारिश हुई।। मौसम वैज्ञानिक जी डी मिश्रा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश के नसरूल्लागंज में सबसे अधिक 21 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि गरोठ में 20 सेंटीमीटर, शुजालपुर में 19 सेंटीमीटर, शाजापुर में 18 सेंटीमीटर, आष्ठा में 17 सेंटीमीटर, इच्छावर एवं अटनेर में 14-14 सेंटीमीटर, भोपाल में 12 सेंटीमीटर, होशंगाबाद एवं नलखेड़ा में 11-11 सेंटीमीटर तथा सारंगपुर एवं सीहोर में 10-10 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

19:53 (IST)28 Jul 2019
नेपाल में बाढ़, भूस्खलन ने 113 लोगों की जान ली काठमांडू

नेपाल में मूसलाधार मानसूनी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन से 113 लोगों की जान चली गई जबकि 38 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। काठमांडू घाटी के कुछ हिस्सों समेत मध्य और दक्षिणी नेपाल के कई इलाकों में बीते दो हफ्तों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पानी भरा हुआ है।

18:52 (IST)28 Jul 2019
भूस्खलन के बाद जम्मू श्रीनगर राजमार्ग यातायात के लिये बंद

रामबन जिले में भूस्खलन के बाद जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को रविवार सुबह यातायात के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले मार्ग में चार अन्य स्थानों से पत्थर गिरने की सूचना है।

18:05 (IST)28 Jul 2019
कोटा में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भरा

कोटा में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भरा गया है। मौसम विभाग के अनुसार कोटा में शनिवार रात से रविवार सुबह तक 151.8 मिलीमीटर, सवाईमाधोपुर में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी समयावधि में राज्य के अन्य कई स्थानों पर 60 मिलीमीटर से कम बारिश दर्ज की गई।

17:36 (IST)28 Jul 2019
नासिक में भारी बारिश के चलते क्षमता से अधिक भरे बांध

नासिक में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगापुर बांध में पानी कुल क्षमता के 74 प्रतिशत तक पहुंच गया है । अधिकारी ने बताया कि बांध में पानी की क्षमता 5,630 मिलियन क्यूबिक फीट है। उन्होंने बताया कि गोदावरी नदी के तट पर रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया गया है कि गंगापुर बांध का पानी कभी भी छोड़ा जा सकता है।

17:02 (IST)28 Jul 2019
मध्य प्रदेश के शाजापुर में जलभराव, कई मकान डूबने की कगार पर

मध्य प्रदेश के शाजापुर में लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बताया जा रहा है कि खोंकराकलां गांव में एक तालाब की पाल फूट गई जिसके बाद के गांव में पानी भर गया और कई मकान डूबने की कगार पर हैं। मालूम हो कि शनिवार से ही शाजापुर में बारिश का दौर जारी है।

16:21 (IST)28 Jul 2019
राजस्थान के कोटा में बाढ़ जैसे हालात

राजस्थान के कोटा और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गये हैं। बाढ़ जैसे हालात का सामान कर रहे कोटा और आसपास के इलाकों में लोगों की मदद के लिये राज्य आपदा राहत प्रबंधन दल को लगाया गया है। रविवार को आपदा राहत दल ने 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

15:44 (IST)28 Jul 2019
असम मृतकों की संख्या फिर बढ़ी

असम में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है। एक अधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन अधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि बारपेटा जिले में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद बाढ़ की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 81 हो गई है। इसमें आगे कहा गया है कि बाढ़ का पानी सोनितपुर में दोबारा घुस गया है। इस जिले की सीमाएं अरुणाचल प्रदेश से मिलती हैं। एएसडीएमए ने कहा कि बाढ़ प्रभावित अन्य 17 जिलों में हालात नहीं बदले हैं। कुल 56 राजस्व क्षेत्र के 1,716 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

14:21 (IST)28 Jul 2019
राजस्थान के मौसम का हाल

राजस्थान के पूर्वी व पश्चिमी भाग में बारिश का दौर अभी भी जारी है। कई दिनों से हो रही बारिश के चलते राज्य की कई मौसमी नदियों में पानी आ गया तो अनेक तालाब लबालब हो गए हैं। सबसे अधिक बारिश जयपुर शहर व इसके पास चाकसू में दर्ज की गयी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर अभी जारी रहेगा और अगले चौबीस घंटे में भी राज्य के अनेक भागों में भारी या बहुत भारी बारिश हो सकती है।

13:29 (IST)28 Jul 2019
राजस्थान के मौसम का हाल जानिए

राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी भाग में बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा और पिछले लगातार तीन दिन से चल रही बारिश से राज्य की कई मौसमी नदियों में पानी आ गया और अनेक तालाब लबालब हो गए हैं। इस बीच राज्य में बीते दो दिन में वर्षा जनित हादसों में मरने वालों की संख्या 13 हो गयी है। राहत सचिव आशुतोष पेडनेकर ने बताया कि राज्य में वर्षाजनित हादसों में मरने वालों की संख्या बढकर 13 हो गयी है। उन्होंने बताया कि सीकर में छह, जयपुर में चार व झुंझुनू में तीन लोगों की मौत हुई है।

11:57 (IST)28 Jul 2019
खराब मौसम के चलते रोकी गई अमरनाथ यात्रा

जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। आज प्रशासन ने यात्रियों को कश्मीर घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी। घाटी समेत श्रीनगर में आज सुबह से ही मौसम खराब है।

11:13 (IST)28 Jul 2019
बिहार के हालातों के बारे में भी जानिए

बिहार में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर होती जा रही है, जहां 1,253 पंचायतों के 85.60 लाख लोगों बाढ़ की चपेट में है। राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में अब तक 127 लोगों की मौत हो चुकी है। जलप्रलय से प्रभावित 13 जिलों में, सीतामढ़ी और मधुबनी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, जहां क्रमश: 37 और 30 मौतें हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रखंडों की संख्या भी बढ़कर 111 हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।

10:06 (IST)28 Jul 2019
ठाणे से सुरक्षित निकाले गए 120 लोग

भारतीय वायुसेना ने ठाणे जिले में भारी बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ की वजह से फंसे 120 से अधिक लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), नौसेना, वायुसेना, सेना, रेलवे और राज्य प्रशासन की टीमों ने यात्रियों को बचाने अभियान चलाया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहत दलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि केन्द्र स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।

09:14 (IST)28 Jul 2019
महालक्ष्मी एक्प्रेस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

महाराष्ट्र में कोल्हापुर जाने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सवार सभी 1,050 यात्रियों को शनिवार को बचा लिया गया। यात्रियों को बचाने के लिए विभिन्न राहत एजेंसियों द्वारा लगभग 17 घंटे तक अभियान चलाया गया। भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर पानी भरने से यह ट्रेन ठाणे जिले में वंगानी के निकट फंस गई थी। मध्य रेलवे (सीआर) के अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं समेत सभी यात्रियों को शनिवार दोपहर तीन बजे तक सुरक्षित निकाल लिया गया।

08:35 (IST)28 Jul 2019
आज फिर होगी मुंबई में भारी बारिश

मौसम विभाग ने मुंबई में रविवार को ‘‘भारी से बहुत भारी’’ बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग का मानना है कि कुछ स्थानों पर तो ‘‘अत्यंत भीषण बारिश’’ हो सकती है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने कहा कि वह भारी बारिश से निपटने को तैयार है और उसने लोगों को सतर्क रहने का परामर्श दिया है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने इंजीनियंिरग कोर्स के लिए केन्द्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे दौर हेतु रिपोर्टिंग के लिए समयसीमा भारी बारिश को देखते हुए दो दिन बढ़ा दी है।

07:53 (IST)28 Jul 2019
11 हवाई उड़ानें रद्द

मुंबई में भारी बारिश के कारण शनिवार को 11 उड़ानों को रद्द करना पड़ा जबकि यहां आने वाले नौ विमानों को पास के हवाई अड्डों पर भेजा गया। एक हवाई अड्डा अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हालांकि संचालन सामान्य रहा। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘विभिन्न एयरलाइंस की 11 उड़ानों को शनिवार को रद्द कर दिया गया। इनमें सात जाने वाली और चार आने वाली उड़ानें शामिल हैं।’’