Weather forecast: महाराष्ट्र के पुणे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ आने और दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात में पुणे में भारी बारिश के बाद करीब 10, 500 से ज्यादा लोगों को पानी भरी जगहों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि वह पुणे में हुई बारिश के बाद लोगों की मौत की खबर सुनकर दुखी हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें शहर और बारामती तहसील में तैनात की गई है और प्रभावित क्षेत्र में सभी जरूरी सहायता मुहैया कराई जा रही है। जलजमाव को देखते हुए पुणे की कई तहसील में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

वहीं देश के पूर्वी भागों में बारिश की गतिविधियां इस मानसूी सीजन में फिर बढ़ेंगी क्योंकि अरब सागर से पूर्वोत्तर भारत एक ट्रफ रेखा सक्रिय हुई है। इससे प्रयागराज, पटना, गया, वाराणसी, मिर्जापुर, दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश के भागों के अलावा बिहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इसी बीच रांची जमशेदपुर, कोलकाता, मिदनापुर सहित पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर भीषण बारिश देखने को भी मिलेगा।

ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है जबकि पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियों में अब कमी आ जाएगी। मध्य भारत की बात करें तो लगता है कि मानसून अब मध्य भारत को इस सीजन में अलविदा को मूड में अभी नहीं है। उत्तर पूर्वी अरब सागर के चक्रवाती हवाओं के अक्षेत्र से उम्मीद है कि मध्य भारत के कई इलाकों में खासकर जबलपुर, भोपाल, नागपुर और अहमदाबाद, मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों उत्तरी छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के लगभग सभी भागों के साथ-साथ गुजरात के पूर्वी हिस्सों और सौराष्ट्र में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश देखने को मिलेगी।

 

Live Blog

21:21 (IST)26 Sep 2019
पुणे: बारिश का कहर, अबतक 17 की मौत

पुण में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से मौत का आंकड़ा 17 तक पहुंच गया है। राहत बचाव में लगे कर्मचारियों ने अंबेगाव खुर्द एरिया में एक और डेड बॉडी बरामद की है।

20:17 (IST)26 Sep 2019
हैदराबाद में वर्षा संबंधित दुर्घटनाओं में तीन की मौत

पिछले दो दिनों के दौरान हैदराबाद और तेलंगाना के अन्य हिस्सों में भारी बारिश से जुड़ी अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार मंगलवार की रात में नागोल में भारी बारिश के दौरान सड़क पार करते हुए 43 साल का एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार के साथ उस वक्त एक खुले ड्रेन में गिर गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह व्यक्ति बह गया जबकि उसका रिश्तेदार बाहर आने में कामयाब रहा। पुलिस ने बताया कि बुधवार को शव बरामद किया गया। एक अन्य घटना में, बुधवार की रात में बहादुरपुरा में घर की दीवार गिरने से 65 साल की एक महिला की मौत हो गई।

19:46 (IST)26 Sep 2019
उत्तराखंड: लैंडस्लाइड की वजह से उत्तरकाशी-गंगोत्री हाइवे प्रभावित

उत्तराखंड में बारिश के बाद लैंडस्लाइड की वजह से उत्तरकाशी-गंगोत्री हाइवे प्रभावित है। मनेरी पुलिस स्टेशन के पास लैंडस्लाइड की वजह से हाइवे पर पत्थर गिर गए। जिसके बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीएएफ) और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर पत्थरों को हटाने में जुट गई है।

19:18 (IST)26 Sep 2019
राजस्थान ने आपदा राहत के लिए केंद्र से 966 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मांगी

राजस्थान ने राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा के कारण बाढ़ जैसी स्थिति के मद्देनजर राहत गतिविधियों के लिए केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) से 966.51 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि उपलब्ध करवाने की मांग की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने के उद्देश्य से केन्द्र को भेजे जाने वाले अंतरिम ज्ञापन को स्वीकृति दे दी है।

18:21 (IST)26 Sep 2019
पुणे: बाढ़ में फंसे 10 महीने के शिशु, परिजनों को सुरक्षित निकाला गया

महाराष्ट्र के पुणे जिले में भारी बारिश के चलते बाढ़ की चपेट में आये एक इलाके में फंसे 10 महीने के एक शिशु और उसके परिजनों को दमकल विभाग के र्किमयों ने सुरक्षित वहां से निकाल लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर इससे संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें यह दिख रहा है कि पानी की बौछारों के बीच एक लाइफ रिंग (प्लास्टिक ट्यूब) का इस्तेमाल कर शिशु को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला गया।

17:43 (IST)26 Sep 2019
चंडीगढ़ में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट

चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होने से तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पंजाब में मोहाली और हरियाणा के पंचकूला में हल्की बारिश हुई। पंजाब और हरियाणा में पिछले अधिकतर कुछ हफ्ते से अधिकतम तापमान 32-35 डिग्री सेल्सियस के बीच घटता-बढ़ता रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दोनों राज्यों में अगले दो दिनों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

17:06 (IST)26 Sep 2019
खेड़-शिवपुर गांव में दरगाह पर सो रहे पांच लोग भारी बारिश में बहे

पुण के खेड़-शिवपुर गांव में दरगाह पर सो रहे पांच लोग भारी बारिश में बह गए। पुणे पुलिस अधीक्षक संदीप पाटिल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेड़-शिवपुर गांव में दरगाह पर सो रहे पांच लोग भारी बारिश में बह गए। वहीं पुरंदर में दो लोगों के लापता होने की खबर है। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत रानपिसे ने बताया कि नौ साल के एक लड़के समेत पांच लोगों की बुधवार रात अर्नेश्वर क्षेत्र में दीवार गिरने से मौत हो गई। दरअसल भारी बारिश के बाद क्षेत्र में पानी भर गया था।

16:17 (IST)26 Sep 2019
झारखंड के दस जिले सूखाग्रस्त घोषित

केंद्र सरकार ने झारखंड के दस जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है जिससे इन जिलों के करीब 12 लाख किसानों को राहत मिलेगी। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि बोकारो जिले को सर्वाधिक सूखाग्रस्त जिला घोषित किया गया है। राज्य के नौ जिले चतरा, देवघर, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, हजारीबाग, जामताड़ा, कोडरमा और पाकुड़ को मध्यम श्रेणी में शामिल किया गया है।

15:33 (IST)26 Sep 2019
पुणे: अबतक 10,500 को जलभराव वाले इलाकों से निकाला गया

पुणे में बारिश के कहर के बीच अबतक 10,500 को जलभराव वाले इलाकों से निकाल लिया गया है। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। मालूम हो कि राज्य में अबतक बारिश और बाढ़ की वजह से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस ने ट्वीट कर इसपर दुख जताया है।

14:46 (IST)26 Sep 2019
पुणे: बारिश का कहर, अबतक 12 की मौत

पुण में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से मौत का आंकड़ा 12 तक पहुंच गया है। राहत बचाव में लगे कर्मचारियों ने अंबेगाव खुर्द एरिया में एक और डेड बॉडी बरामद की है।

14:20 (IST)26 Sep 2019
पुणे जिले में भारी बारिश के बाद जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

महाराष्ट्र के पुणे जिले में भारी बारिश के बाद जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। वहीं बाढ़ से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। पुणे डिस्ट्रीक्ट कलेक्टर नवल किशोर राम ने पुणे सिटी, पुरंदर, बारामाती, भोर और हवेली तहसील में स्कूलों और कॉलेजों में आज छुट्टी की घोषणा की है।

13:47 (IST)26 Sep 2019
एमपी के शहरों का मौसम का हाल जानिए

गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.8, ग्वालियर का 23.3 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 23 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 28.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 31.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

12:12 (IST)26 Sep 2019
पुणे में 11 लोगों की मौत

पुणे में मूसलाधार बारिश के बाद अलग-अलग घटनाओं में करीब 11 लोगों की मौत हो गई। राज्य एवं जिला आपदा नियंत्रण के मुताबिक शिवपुर में पांच लोग बाढ़ के पानी में बह गए। वहीं, अर्निश्वर कॉम्पलेक्स की दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई और वहीं कईयों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मलबे में दबे लोगों के निकालने में राहत एवं बचाव टीम लगी हुई है।

11:30 (IST)26 Sep 2019
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग का अलर्ट

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में गुरुवार को आंशिक बादल छाए हुए हैं, वहीं मौसम विभाग ने 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए यलो एलर्ट जारी किया है। राज्य में गुरुवार की सुबह से मौसम गर्मी से राहत देने वाला है, आंशिक बादल छाने से बीच-बीच में धूप निकल आती है। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादल बरसे।

11:07 (IST)26 Sep 2019
यूपी के मौसम में आया बदलाव

यूपी के पूर्वांचल में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। कई जिलों में रात से ही जमकर बारिश हो रही है। गोरखपुर में बारिश के चलते स्‍कूल कॉलेज बंद कर दिए गए। रात से ही बारिश होने के कारण कई मोहल्‍लों और सड़कों पर पानी लग गया है। गोरखपुर के अलावा बस्‍ती, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर में भी बारिश हो रही है।

10:16 (IST)26 Sep 2019
झारखंड-ओडिशा के मौसम का हाल जानिए

पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। स्काईमेट के मुताबिक ओडिशा के आंतरिक शहरों, झारखंड, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में फिलहाल हल्की से मध्यम बौछारे गिरने की संभावना है। तटीय कर्नाटक के साथ केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

09:22 (IST)26 Sep 2019
एमपी के मौसम का हाल जानिए

मध्य प्रदेश में एक बार फिर से बारिश के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक सूबे की राजधानी भोपाल समेत कई अन्य इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। बादल के चलते मौसम में थोड़ा सा परिवर्तन देखा गया है गर्मी से भले ही लोगों को हल्की राहत मिली हो लेकिन उमस और बढ़ गई है। राज्य में बीते 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश की हल्की बौछारें पड़ी हैं। मौसम विभाग के  मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी के चलते कई इलाकों में अगले 24 घंटों में बौछारें पड़ सकती है।

08:08 (IST)26 Sep 2019
गुजरात में रिकॉर्ड बारिश

गुजरात में इस साल रिकॉर्ड 126 प्रतिशत बारिश हुई है और राज्य के 205 बांध लगभग 93.73 प्रतिशत भर चुके हैं। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 1,209.54 mm बारिश हुई है जो औसत वार्षिक वर्षा का 126.17 प्रतिशत है। कच्छ और दक्षिण गुजरात के क्षेत्रों में 144.58 प्रतिशत और 137.73 प्रतिशत वर्षा हुई है। राज्य के इन इलाकों में सबसे अधिक बारिश हुई है।

07:32 (IST)26 Sep 2019
आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम, वीडियो के जरिए जानिए

20:18 (IST)25 Sep 2019
उत्तर प्रदेश के इन इलाकों में बारिश के आसार

स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और प्रतापगढ़ सहित बिहार के पटना, गया, भोजपुर, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।

18:36 (IST)25 Sep 2019
ओडिशा में बारिश

ओडिशा में लगातार बारिश के चलते आम जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बुधवार को ओडिशा के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार तक बारिश का मौसम बन रह सकता है। सरकार ने जिला प्रशासनों को चेताया है और बाढ़ जैसे हालातों से सावधान रहने के लिए कहा है।

16:22 (IST)25 Sep 2019
मध्य प्रदेश में बारिश के आसार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में बुधवार की सुबह से बादल छाए हुए हैं।मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों में बौछारें पड़ सकती है।

15:29 (IST)25 Sep 2019
दिल्ली-एनसीआर के मौसम का हाल भी जानिए

दिल्ली और एनसीआर के शहरों में अभी भी बारिश की संभावना है। इन भागों में एक दो बार तेज बारिश हो सकती है। हालांकि पूर्वानुमान के मुताबिक एक छिटपुट स्थानों पर ही होगा।

14:54 (IST)25 Sep 2019
इन शहरों में भी बारिश का अनुमान

अमृतसर, जालंधर, पठानकोट, अमृतसर, यमुना नगर कुरुक्षेत्र सहित पंजाब, हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भागों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम मानसूनी बारिश देखने को मिल सकती है।

14:05 (IST)25 Sep 2019
पहाड़ी क्षेत्रों के मौसम का हाल जानिए

उत्तर भारत में आद्र हवाएं बढ़ रही हैं, जिसके चलते बारिश की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। श्रीनगर, जम्मू, कटरा, शिमला, दहरादून, मसूरी और नैनीताल सहित कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ों पर कश्मीर और लद्दाख से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसी बीच एक दो जगहों पर अच्छी बारिश की भी संभावना है।

13:05 (IST)25 Sep 2019
चक्रवात हिका छह घंटों तक रहेगा भीषण, जानिए मौसम विभाग ने और क्या कहा

आईएमडी ने कहा,‘‘ऐसी एंभावना है कि अगले छह घंटे तक चक्रवात भीषण बना रहेगा और इसके बाद यह कमजोर होगा।’’ इस दौरान 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। आईएमडी ने कहा कि छह घंटे के दौरान 130-140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य अरब सागर पर छा जाने की संभावना है। इसके बाद हवा की गति धीरे-धीरे कम हो कर 100-110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर आ जाएगी।

12:29 (IST)25 Sep 2019
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल जानिए

मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश और उतरी छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान एक दो स्थानों पर भारी बारिश के पूर्वानुमान से इनकार नहीं किया जा सकता। जबति पश्चिमी मध्य प्रदेश और दक्षिणी-पूर्वी राजस्थान के अलावा गुजरात के कच्छ क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

11:40 (IST)25 Sep 2019
देश के पूर्वी भागों के मौसम का हाल भी जानिए

देश के पूर्वी भागों खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश की गतिविधियों की संभावना बन रही है। अनुमान है कि प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर सहित पटना, गया और कोलकाता के भागों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।

10:59 (IST)25 Sep 2019
दक्षिणी राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग ने दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान जाहिर किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही असम, मेघालय, महाराष्ट्र और गोवा के अलग-अलग स्थानों पर भी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं उत्तरी भारत के बारे में मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के तापमान में भारी गिरावट देखी जा सकती है।

10:01 (IST)25 Sep 2019
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि दिल्ली से मानसून की विदाई में अभी थोड़ा समय बाकी है। ऐसे में इनकार नहीं किया जा सकता कि शहर में अभी और बारिश होगी। संभव है कि यह अक्टूबर के पहले सप्ताह तक विदाई ले। ऐसे में छिटपुट बारिश से तापमान कम ही रहेगा। मौसम में बदलाव का ही असर है कि सुबह और शाम की गर्मी कम हो गई है।

09:31 (IST)25 Sep 2019
चक्रवात हिका का अब कितना असर, जानिए

चक्रवात ‘हिका’ अरब सागर के पश्चिम की ओर बढ़ते हुए ‘बेहद भीषण चक्रवात’ में तब्दील हो गया है और ओमान तट पार करने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। एहतियात के चलते विभाग ने गुजरात के मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है क्योंकि वहां बुधवार तक मौसम ‘बेहद खराब’ रहने की आशंका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)ने एक बुलेटिन में बताया कि,‘‘भीषण चक्रवात हिका पिछले छह घंटे से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और यह उत्तर-पश्चिम तथा निकट के पश्चिम-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ते हुए बेहद भीषण चक्रवात में तब्दील हो गया है।’’

08:15 (IST)25 Sep 2019
बंगाल के मौसम का हाल भी जानिए

भारतीय मौसम विभाग ने अहम जानकारी देते हुए बताया कि अगले 48 घंटों में पश्चिम बंगाल के विभिन्न भागों में बारिश होने की संभावना है। इसमें कलकत्ता, उत्तर और दक्षिण 24-परगना में बुधवार को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मिदनापुर और पश्चिमी जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

07:32 (IST)25 Sep 2019
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल