Weather Forecast: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी के साथ उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है वहीं राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे से कम हुई दृश्यता के चलते कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और रेल सेवाएं बाधित हो गईं। दिल्ली हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह छाए कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य हो गई जिससे 760 उड़ानें विलंबित हुई और परिणामस्वरूप 19 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। पांच विमानों की दिशा बदल दी गई। वहीं दिल्ली से 100 ट्रेनें भी लेट चल रही हैं।

यातायात बाधित: रेल अधिकारियों ने बताया कि 100 से अधिक रेलगाड़ियां लगभग दो घंटे की देरी से चल रही हैं। घने कोहरे की वजह से सुबह साढ़े पांच बजे पालम में दृश्यता शून्य हो गई जबकि सफदरगंज में केवल 300 मीटर ही रही जो बाद में सुधर गई। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से पांच डिग्री सेल्सियस कम है।

Hindi News 21 December 2019 Live Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

ऐसा रहेगा मौसम: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक कम तापमान और अधिक आर्द्रता के कारण सुबह आठ बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 430 दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने शनिवार को हल्की बारिश और मौसम के बेहद सर्द रहने का अनुमान जताया है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को ताजी बर्फबारी देखने को मिली। मौसम विभाग ने 21 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा और हिमपात का अंदेशा जताया है। हालांकि बृहस्पतिवार राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है।

पहाड़ों में बर्फबारी: लाहौल स्पीति के केलोंग में पांच सेमी, किनौर के कल्पा में एक सेमी और गंधोला में तीन सेमी हिमपात दर्ज किया गया। लाहौल स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलोंग में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मनाली में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा। कुफरी में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस जबकि शिमला और डलहौजी में तापमान क्रमश: 6.3 और 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को मध्यम बर्फबारी शुरू हुई जो शनिवार तक जारी रहने की संभावना है। लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद पारा गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पुर्वानुमान जताया है।

उत्तर भारत में ठंड का कहर: हरियाणा और पंजाब में ठंड का कहर जारी रहा और शुक्रवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। हिसार का न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, करनाल में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.6, 6.8, 6.3 और 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में 7.6 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान पर लोग ठंड से कंपकंपाते रहे।