दिल्ली एनसीआर इस समय तेज ठंड की चपेट में है। तापमान लगातार गिरता जा रहा है और घने कोहरे की वजह से सड़क पर दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार का दिन दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए कुछ राहत लेकर आ सकता है। दोपहर में धूप खिलने से लेकर तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला है। राहत की बात ये है कि दोपहर में धूप की उम्मीद जताई गई है, यानी की बर्फीली हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। अब ठंड में कमी का अनुमान है, लेकिन घना कोहरा अभी भी परेशान कर सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरे से रूबरू होना पड़ेगा। इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी में भी घने कोहरे संभावना जताई गई है। दक्षिण के राज्य केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में तो बारिश की संभावना भी जता दी गई है। इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र में भी बारिश का अनुमान है। यानी कि इन राज्यों में बारिश की वजह से ठंड कुछ बढ़ सकती है। लेकिन इसके बाद पूरे देश में आने वाले पांच दिनों तक कहीं भी शीतलहर नहीं चलने वाली है।

जानकारी के लिए बता दें कि शीत लहर का मतलब होता है बर्फीली हवाओं का चलना। जब पहाड़ों पर बर्फ पड़ती है तो इसका सीधा असर मैदानी इलाकों पर पड़ता है जहां पर बर्फ जैसी ठंडी हवाएं चलना शुरू हो जाती हैं। उन्हीं हवाओं की वजह से शीतलहर वाली स्थिति बनती है और लोगों को ठंड का टॉर्चर झेलना पड़ता है। लेकिन मौसम विभाग ने साफ कहा है कि आने वाले दिनों में अब ठंड कम होने जा रही है।