मैदानी इलाकों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व उत्तर प्रदेश में घने कोहरे व शीतलहर को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने दो दिन के लिए लाल चेतावनी जारी की है। वहीं, दिल्ली में पीली चेतावनी है। अगले पांच दिनों तक कोहरा व दो दिन तक शीतलहर जारी रहेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश , उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में पाला पड़ने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने कोहरे व शीतलहर को लेकर बुधवार के लिए लाल व गुरुवार के लिए नारंगी चेतावनी जारी की है । विभाग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड,पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति संभव है। पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर भी संभव है। उत्तराखंड हिमाचल उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में जÞमीन पर पाला पड़ने की संभावना है।
इस बीच पंजाब, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, हरियाणा के कुछ हिस्सों और दक्षिण उत्तराखंड और उत्तरी मध्य प्रदेश में एक या दो स्थानों पर ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति रही। बिहार के कुछ हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में एक या दो स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति रही। उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली, पूर्वी राजस्थान व बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा व शीतलहर की स्थिति रही।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे में कई इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई। अनेक जगह घना कोहरा छाया रहा और अलवर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस बाकी दर्ज हुआ है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शीतलहर का दौर अभी जारी रहने का अनुमान है। इसके अनुसार, गत 24 घंटों में राज्य के उत्तरी, पश्चिमी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं अति घना कोहरा, अतिशीत दिन व शेखावटी क्षेत्र में कहीं-कहीं शीतलहर दर्ज की गई।
इस दौरान न्यूनतम तापमान अलवर में 2.5 डिग्री, चूरू में 4.2 डिग्री, भीलवाड़ा में 4.8 डिग्री, पिलानी में 5.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ व संगरिया में 5.5 डिग्री व गंगानगर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम पूर्णतया शुष्क रहेगा। वहीं राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा, शीत दिन व शेखावाटी क्षेत्र में शीतलहर आगामी तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना है। 26-27 जनवरी से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।