कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार हैं। प्रियंका गांधी और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज वायनाड में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी से जुड़े किस्से को शेयर किया। राहुल ने प्रियंका के बचपन की पुरानी यादें शेयर करते हुए कहा कि प्रियंका वही इंसान हैं, जिन्होंने उसे लड़की को गले लगाया था जो मेरे पिता की हत्या में फंसी थी।

राहुल गांधी ने प्रियंका की तारीफ की

राहुल गांधी ने कहा कि आरोपी नलिनी से मिलने के बाद प्रियंका ने मुझसे कहा मुझे उसके लिए बुरा लग रहा है। राहुल ने कहा कि प्रियंका को यही शिक्षा मिली है। यह उस प्रकार की राजनीति है जिसे भारत में करने की आवश्यकता है। भारत में नफरत नहीं बल्कि प्यार की राजनीति करने की आवश्यकता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को इस बात पर जोर दिया कि आज देश में पहला संघर्ष संविधान की रक्षा और संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान नफरत से नहीं, बल्कि विनम्रता और प्रेम से लिखा गया है। उन्होंने कहा, “आज देश में जो मुख्य लड़ाई हो रही है, वह हमारे देश के संविधान की लड़ाई है। हमें जो सुरक्षा मिलती है, हमारे देश की महानता, वह सब संविधान से सामने आई है।”

चांदनी चौक लोकसभा सीट से शुरू हो सकती कांग्रेस की ‘दिल्ली न्याय यात्रा’, जानें क्या है प्लान

राहुल गांधी ने कहा, “संविधान गुस्से या नफरत से नहीं लिखा गया था। यह उन लोगों द्वारा लिखा गया था जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी, जिन लोगों ने कष्ट सहे थे, जिन्होंने वर्षों जेल में बिताए थे। उन्होंने विनम्रता, प्रेम और स्नेह के साथ संविधान लिखा। यह प्यार और नफरत के बीच की लड़ाई है। आत्मविश्वास और असुरक्षा के बीच की लड़ाई। अगर आप वास्तव में इस लड़ाई को जीतना चाहते हैं, तो आपको अपने दिल से क्रोध को हटाकर, अपने दिल से नफरत को हटाकर और उसकी जगह प्यार, विनम्रता और करुणा को लाकर मदद करनी चाहिए।”

वहीं प्रियंका ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने व्यापारिक मित्रों के लिए सब कुछ किया है। उन्होंने कहा, “मोदी जी की सरकार केवल अपने बड़े व्यापारी मित्रों के लिए काम करती है।”