न्यूजीलैंड की एक महिला सांसद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। न्यूजीलैंड की सबसे युवा सांसद हाना रहिती माइपे क्लार्क अपने वीडियो के कारण चर्चा में हैं। दरअसल क्लार्क वहां की संसद में भाषण दे रही थी और अपने मुद्दों को उठा रही थी। लेकिन इसे उन्होंने एक अनोखे अंदाज में उठाया। उन्होंने अपने मुद्दे को संसद में माओरी संस्कृति का डांस ‘हाका’ परफॉर्म करते हुए उठाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बता दें कि हाका एक युद्धगीत है जिसे पूरी ताकत और भाव के साथ प्रस्तुत किया जाता है। संसद में अपने मुद्दे को उठाते हुए युवा सांसद हाना रहिती माइपे क्लार्क ने पारंपरिक ‘War Cry’ का प्रदर्शन किया। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने उनके भाषण को पीछे से दोहराया। कई लोग उनके भाषण को सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
क्लार्क ने अपने भाषण में कहा, “संसद में आने से पहले मुझे कुछ सलाह दी गई थी कि मैं किसी भी बात को पर्सनली न लूं। मैं इस सदन में कही गई हर बात को व्यक्तिगत रूप से लेने के अलावा कुछ नहीं कर सकती।”
सबसे कम उम्र की सांसद बनी हैं क्लार्क
क्लार्क न्यूजीलैंड की सबसे कम उम्र की सांसद हैं। वह 21 साल की उम्र में ही सांसद बन गई। 1853 के बाद वह सबसे कम उम्र की सांसद बनी है। क्लार्क ने सबसे अधिक समय तक सांसद रही नानिया महुता को चुनाव में हराया था।
द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार क्लार्क खुद को राजनेता नहीं मानती बल्कि वह अपनी संस्कृति माओरी भाषा के संरक्षक के रूप में खुद को देखती हैं। उनका मानना है कि माओरी की नई पीढ़ी की आवाज को सुनने की जरूरत है। बता दें कि न्यूजीलैंड में बोले जाने वाली माओरी भाषा एक पॉलीनिशियाई लैंग्वेज है।
ऑकलैंड से हैं क्लार्क
क्लार्क ऑकलैंड के एक शहर हंटली से हैं। वह एक सामुदायिक केंद्र भी चलाती हैं, जो स्थानीय बच्चों को बागवानी से लेकर अन्य चीजों के बारे में शिक्षित करता है। क्लर्क के परदादा भी राजनीति में रह चुके हैं।