विनेश फोगाट को कांग्रेस पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतारेगी या नहीं, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स में कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पार्टी के भीतर इस बात पर मंथन चल रहा है कि उन्हें जुलाना विधानसभा सीट से उतारा जाए या नहीं। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि बजरंग पूनिया को कांग्रेस संगठन में एडजस्ट किया जा सकता है।

आइए नजर डालते हैं हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट पर जहां से कांग्रेस पार्टी में विनेश फोगाट को विधानसभा चुनाव लड़ाने पर मंथन जारी है। हरियाणा को इस सीट पर कांग्रेस पार्टी को पिछले तीन चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। साल 2019 में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र सिंह धूल को सिर्फ 9.84% वोट हासिल हुए थे। यहां उनसे ऊपर जेजेपी और भाजपा के उम्मीदवार थे।

उचाना से दुष्यंत, डबवाली से दिग्विजय लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, JJP-ASP ने जारी की 19 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

साल 2009 में कांग्रेस के शेर सिंह करीब 13 हजार वोटों से हारे

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2009 में जुलाना विधानसभा सीट पर इनेलो के परमिंदर सिंह को जीत हासिल हुई। उन्हें 45,576 वोट हासिल हुए। इस चुनाव में यहां दूसरे नंबर पर कांग्रेस के शेर सिंह रहे, जिन्हें 32,765 वोट हासिल हुए। तीसरे नंबर पर हरियाणा जनहित कांग्रेस के सुधीर गौतम रहे, उन्हें 9934 वोटों से संतोष करना पड़ा।

साल 2014 में 23 हजार वोटों से हारी कांग्रेस

बात साल 2014 के विधानसभा चुनाव की करें तो इस चुनाव में भी यहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में इनेलो के परमिंदर सिंह ने जीत हासिल की, उन्हें 54,632 वोट हासिल हुए। दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के धर्मेंद्र सिंह को 31,826 वोट मिले। तीसरे नंबर पर बीएसपी के अरविंद शर्मा को 22,286 वोट मिले।

पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले सिर्फ 9.84% वोट

जुलाना विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में जननायक जनता पार्टी के अमरजीत ढांडा को 61,942 वोट हासिल हुए। उन्होंने बीजेपी के परमिंदर सिंह ढुल को हराया। परमिंदर सिंह को 37,749 वोट मिले जबकि तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के धर्मेंद्र सिंह ढुल को 12,440 वोटों से संतोष करना पड़ा।