दिल्ली के उत्तरी-पूर्वी संसदीय इलाके में यमुना नदी पर बने नए सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के बहाने रविवार (04 नवंबर) को खूब सियासत हुई और हंगामा मचा। हालात यहां तक पहुंचे कि स्थानीय भाजपा सांसद और दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ धक्कामुक्की तक हुई और गुस्साए सांसद ने पुलिसकर्मी को तमाचा भी जड़ दिया। आप और भाजपा के समर्थक भी आपस में भिड़े। बहरहाल, ब्रिज का उद्घाटन होने के बाद जब भीड़ वहां से छटी तो शांति कायम हो सकी लेकिन इस बीच मनोज तिवारी के ऑफिस से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें दिख रहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानुतुल्ला खान अचानक आगे बढ़ते हैं और मनोज तिवारी को धक्का दे देते हैं। इससे तिवारी का संतुलन बिगड़ जाता है। हालांकि, वो पल भर में संभल जाते हैं। पुलिसकर्मी भी उन्हें संभाल लेते हैं लेकिन इसके बाद हंगामा होने लगता है। इस बीच दोनों नेताओं के बीच झड़प भी होती है।
एएनआई द्वारा जारी इस वीडियो में दिख रहा है कि अपने नेता के साथ धक्कामुक्की होता देख भाजपा कार्यकर्ता हंगामा करने लगते हैं। इसके बाद वहां दोनों तरफ से धक्कामुक्की शुरू हो जाती है। बता दें कि दिल्ली सरकार ने मनोज तिवारी को इस उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्योता नहीं दिया था। बावजूद इसके तिवारी वहां पहुंचे थे क्योंकि यह उनका संसदीय क्षेत्र था।
उद्घाटन स्थल पर जाने से रोके जाने से खफा मनोज तिवारी ने ट्वीट कर कहा, ‘कुछ शर्म बची है मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल। बैरिकेड लगवा हमें रोक रहे हो।’ पलटवार करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘अप्रत्याशित। सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन स्थल पर भाजपा द्वारा अराजकता। यह दिल्ली सरकार का कार्यक्रम है। पुलिस मूक दर्शक है। क्या एलजी, दिल्ली पुलिस के प्रमुख होने के नाते, सिग्नेचर पुल उद्घाटन स्थल पर शांति और व्यवस्था सुनिश्चित कर सकते हैं?
#WATCH Aam Aadmi Party MLA Amanatullah Khan seen pushing Delhi BJP Chief Manoj Tiwari during the inauguration of Delhi's Signature Bridge (Source: BJP Delhi Chief Manoj Tiwari's office) pic.twitter.com/Vl2CtDqeBX
— ANI (@ANI) November 4, 2018

