मध्य प्रदेश  के देवास से बीजेपी सांसद महेंद्र सोलंकी आजकल खबरों में हैं। दरअसल, महेंद्र सोलंकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसे वह  ब्रूस ली की तरह लाठी लेकर करतब दिखाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया  पर वायरल हो रहे इस वीडियो में वह काफी तेजी से लाठी भांजते नजर आ रहे हैं। उनके इस करतब के दौरान उनके समर्थक उनकी हौसलाफजाई करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में पर कई यूजर्स ने कमेंट भी किया है। लोगों ने लिखा है कि यह एमपी हरतरह से फिट है। हालांकि यह वीडियो किसी मेले या किसी आयोजन स्थल पर शूट किया गया लग रहा। यह वीडियो कब और कहां का है इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

गौरतलब है कि सोलंकी मध्य प्रदेश में जिला जज रह चुके हैं। उन्होंने अपने इस पद से इस्तीफा देने के बाद राजनीति में उतरने का मन बनाया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

गरीब परिवार से आते हैं सोलंकी: सोलंकी मूल रूप से देवास जिले के ग्राम नरखेड़ी के रहने वाले हैं। सोलंकी ने एक संबोधन के दौरान बताया था कि उनके माता पिता चार भाई बहनों को लेकर इंदौर चले गए थे। सोलंकी के पिता मजदूरी करते थे। उनकी माता ट्रेन से उतरकर वहां से 4 किमी पैदल चलते हुए खेतों में गेहूं, चना, सोयाबीन काटने जाती थी। गरीबी के कारण उनके अन्य सभी भाई बहन पढ़ाई भी नहीं कर सके थे। सोलंकी की अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रियता है।