केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू शनिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के भूकंप वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले वाले भूकंप ने तो कांग्रेस को लोकसभा में 440 से 44 पर ला दिया। नायडू ने कहा कि संसद बहस के लिए अच्छा मंच है और विपक्ष को सरकार को सुनना चाहिए और जो वे कहना चाहते हैं कहे। अगर वे अभी भी नहीं मान रहे हैं तो वे लोगों के पास जा सकते हैं और आंदोलन कर सकते हैं। नायडू ने कहा, ‘अगर मैं बोलूंगा तो भूकंप आ जाएगा, यह कैसा उदाहरण है? आप लोगों को क्या मैसेज देना चाहते हैं, जिससे संसद में भूकंप आ जाएगा। एक भूकंप के बाद तो कांग्रेस 440 से 44 पर आ गई।’
उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, ‘हमने देखा है कि आप क्या कर सकते हैं। हमने देखा है कि आप अपनी पार्टी को पुनर्जीवित करने में अक्षम रहे हैं। आप सेना को भी घसीट लेते हैं , उसपर विवादित और अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं ।’
साथ ही नायडू ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा। नायडू ने पूछा, ‘मैं कांग्रेस पार्टी और इसके मित्रों से से पूछना चाहुंगा कि क्या वे भ्रष्टाचार और काला धन के खिलाफ लड़ने के पक्ष में हैं। क्या वे नये नोटों के चलन के पक्ष में हैं? क्या वे धन के डिजीटल हस्तांतरण के पक्ष में या इसके विरोध में हैं? क्या वे नीति या इसे लागू किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि क्या वे हालात बेहतर करने के लिए सुझाव देने में रूचि रखते हैं और क्या वे इसे बेहतर तरीके से लागू करने या ना करने के लिए विचार देंगे? क्या वे समानांतर अर्थव्यवस्था को खत्म करने की प्रधानमंत्री की कोशिश में सहयोग देंगे या नहीं? क्या वे काला धन जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई चाहेंगे या नहीं? नायडू ने पूछा कि कांग्रेस आतंकवादियों और उनके आकाओं के खिलाफ, जाली नोट का प्रसार करने की पाकिस्तानी कोशिश के खिलाफ, मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में हैं या नहीं।
पूर्व एयर चीफ मार्शल एसपी त्यागी को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए जाने के बारे में एक सवाल के जवाब में नायडू ने कहा कि इससे सरकार की प्रतिबद्धता का स्तर जाहिर होता है। जांच अपने तार्किक निष्कर्ष तक जाएगी।

