उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की लक्सर तहसील के ग्राम सुल्तानपुर में बन रही विशालकाय मस्जिद के निर्माण कार्य को प्रशासन ने तत्काल रुकवा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस संबंध में निर्देश मिलने के बाद हरिद्वार जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मस्जिद का निर्माण निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा है।
मस्जिद की मीनारों की ऊंचाई करीब 250 फुट तक बनाई जा चुकी है और वहां पत्थर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसे हरिद्वार जिले की सबसे बड़ी मस्जिद बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से शिकायत की थी जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्होंने हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को निर्माण पर तुरंत रोक लगाते हुए जमीन और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच करवाने के निर्देश दिए थे।
डीएम दीक्षित ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मस्जिद का निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि लक्सर के उपजिलाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया है और मस्जिद प्रबंधन से जमीन और निर्माण संबंधी समस्त दस्तावेज मांगे गए हैं।
पढ़ें- गौतम बुद्ध नगर से लेकर गोरखपुर जिले के बदले DM, 23 IAS अधिकारियों के तबादले
आगरा में अवैध धर्मांतरण मामले में 4 आरोपियों की हिरासत अवधि चार दिन के लिये बढ़ी
वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की एक अदालत ने बड़े पैमाने पर अवैध धर्मांतरण के सिलसिले में गिरफ्तार चार आरोपियों की पुलिस हिरासत की अवधि मंगलवार को चार दिन के लिए बढ़ा दी। अधिकारी ने बताया कि 6 अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने 19 जुलाई को अवैध रूप से बड़े पैमाने पर धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह राज्यों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। अधिकारी ने बताया कि इस साल मार्च में आगरा में 33 और 18 वर्षीय दो बहनों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई थी। जांच में पता चला कि लड़कियों को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर मजबूर किया गया था। उन्होंने बताया, “हमें अमेरिका और कनाडा से उनके वित्तपोषण के बारे में भी सुराग मिले हैं।” अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत में 10 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से राजस्थान से तीन, उत्तर प्रदेश व पश्चिम बंगाल से दो-दो और गोवा, उत्तराखंड, दिल्ली से एक-एक व्यक्ति को पकड़ा गया था। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पढ़ें- वैशाली को बड़ी सौगात देंगे सीएम नीतीश कुमार
(भाषा के इनपुट के साथ)