उत्तर प्रदेश के नोएडा में बड़ा हादसा हुआ है। नोएडा सेक्टर 137 की एक सोसायटी में हुए हादसे में लिफ्ट के बीच में गिरने से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना गुरुवार को पारस टिएरा सोसायटी में हुई।

पुलिस ने कहा कि 70 वर्षीय सुशीला देवी लिफ्ट में थीं तभी तार टूट गया और लिफ्ट गिर गई। उन्हें तुरंत फेलिक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि उनके सिर पर चोटें आईं लेकिन मौत का मुख्य कारण पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगा। नोएडा पुलिस ने इस मामले में सोसाइटी की प्रबंधन कंपनी, निवासी संघ के पदाधिकारियों और जर्मन लिफ्ट निर्माता कंपनी थीसेनक्रुप्प के खिलाफ FIR दर्ज की है।

लिफ्ट के गिरने से बेहोश हुई महिला

पुलिस के मुताबिक तार टूटने से लिफ्ट गिरी। लिफ्ट में एक महिला फंस गई जो लिफ्ट के गिरने से बेहोश हो गई थी। उन्हें नजदीक के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम 7 बजे के करीब घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिसबल मौके पर पहुंचा।

सोसाइटी में 28 मंजिल हैं और लिफ्ट 24वीं मंजिल से गिर गई जिससे महिला की मौत हो गई। ये हादसा गुरुवार शाम को हुआ। घटना के बाद सोसाइटी में भीड़ जुट गई और एक्शन की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। लोगों को शांत करा पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई है। लिफ्ट का मेंटेनेंस देखने वालों के साथ बिल्डर से पूछताछ शुरू की गई है।

लिफ्ट खोलने में लगे 45 मिनट

सुशीला देवी टावर 24 में अपने बेटे और बहू के साथ रह रही थीं। बृहस्पतिवार शाम वह लिफ्ट में अकेली थीं तभी अचानक लिफ्ट का तार टूट गया। सुरक्षाकर्मी और मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारी लिफ्ट को खोलने में जुट गए। इसमें करीब 45 मिनट लगे। जब लिफ्ट खुली तो देखा कि सुशीला देवी बेहोश पड़ी है। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-137 स्थित फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक लिफ्ट पहले आठवें तल पर पहुंची। जहां गेट खुलने से पहले उसका तार टूट गया। इस कारण लिफ्ट सीधा माइनस-2 में जाकर गिरी। तार टूटने के कारण तेज झटका लगने के बाद संतुलन बिगड़ने से बुजुर्ग महिला की मौत हुई है।

डीसीपी (सेंट्रल नोएडा) अनिल कुमार यादव ने कहा, ”हमें शाम 7.15 बजे घटना की जानकारी मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, जहां बताया गया कि घटना शाम करीब 6 बजे की है और महिला की अस्पताल में मौत हो गई। सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत मिल रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”