उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर नजर आ रही है। अपराधों का सिलसिला लगातार जारी है और यह रुकने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के उन्नाव जिले में एक बलात्कार पीड़िता को जलाने की घटना से एक दिन पहले मुजफ्फरनगर जिले में एक 30 वर्षीय महिला पर चार व्यक्तियों द्वारा तेजाब फेंकने की घटना सामने आई है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि चारों व्यक्तियों ने अदालत से बलात्कार का मामला वापस न लेने पर महिला पर तेजाब फेंका था। उन्होंने कहा कि महिला तीस प्रतिशत तक जल गई है और मेरठ के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात को चारों व्यक्ति महिला के घर में जबरन घुस गए और उस पर तेजाब फेंक दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने आरोपियों के खिलाफ जिले की एक अदालत में चल रहे बलात्कार के मामले को वापस लेने से मना कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि महिला पर तेजाब से हमला करने में शामिल चारों व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि चारों फरार हैं लेकिन उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही में देश के कई राज्यों से दिल दहलाने देने वाली रेप की घटनाएं सामने आई।तेलंगाना में एक महिला पशु चिकित्सक का रेप कर उसे जला दिया गया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रेप पीड़िता को जिंदा जलाने की घटना सामने आई है। देशभर के लोगों में इस घटना को लेकर उबाल है और जगह-जगह उसे लेकर विरोध प्रर्दशन किया जा रहा है।
(भाषा इनपुट्स के साथ)
