उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर परोक्ष हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि केवल प्रचार करने वालों की पोल खुल गई है और अब यह तय है कि जो काम करेगा, जनता उसे ही चुनेगी। उन्होंने शनिवार को अपने सरकारी आवास से एंबुलेंस सेवा के तहत 500 नई एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के मौके पर यह बात कही।
अखिलेश ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि ये अच्छा हुआ कि केवल प्रचार करने वाले एक्सपोज हो गए। जनता अब जान गई है कि जो काम करेगा, उसे ही वह दोबारा चुनेगी। कम से कम ये तो लोकतंत्र में आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग डिजिटल इंडिया की बात करते हैं, हमने लैपटाप बांटकर दिखा दिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार प्रदेश में काफी कार्य कर रही है और जीडीपी सहित विभिन्न क्षेत्रों के आंकड़ों की बात करें तो उत्तर प्रदेश सबसे आगे है और तेजी से बढ़ रहा है। तमाम प्रदेशों को उत्तर प्रदेश ने पीछे छोड़ दिया है।
अखिलेश ने उद्योगपति रतन टाटा का जिक्र करते हुए कहा कि खुद रतन टाटा ने भी कल स्वीकार किया कि उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार की ओर से किए जाने कार्यों का ठीक से प्रचार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि हम प्रचार कम कर पा रहे हैं इसलिए हम पीछे हैं लेकिन हम मिसाल पेश करेंगे कि समाजवादी सरकार जो काम करती है, तमाम लोग उसका अनुकरण करने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। यह अहम सफलता है। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं। लगातार प्रयास होगा कि इन सुविधाओं को कैसे बेहतर किया जाए। एंबुलेंस से लाखों लाख लोगों की जान बची है। कहीं न कहीं यह प्रयास करना होगा कि जनता के बीच संदेश जाए कि एंबुलेंस ना होती तो क्या होता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई आज यह नहीं कह सकता कि समाजवादी पार्टी की सरकार एक ही वर्ग के लिए कार्य कर रही है। मेट्रो बनाई है तो साइकिल सस्ती कैसे बिके, उसका भी इंतजाम किया। साइकिल ट्रैक बना रहे हैं। हर वर्ग के लोगों तक पहुंचने का काम समाजवादी सरकार ने किया है। समाजवादी पेंशन बांटी है तो 45 लाख महिलाओं को उसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि हम और आप संपन्न हों और हमारे लिए पांच सौ रुपए कुछ मायने न रखे लेकिन गांव में रहने वाली गरीब महिला के लिए यह बहुत बड़ी चीज है। बिना भेदभाव के समाजवादी सरकार ने पेंशन बांटकर दिखा दिया। बीच की गड़बड़ियों को भी खत्म किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर मेट्रो का इंतजाम कर रहे हैं तो गरीबों के लिए डेयरी का इंतजाम किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे पर केवल गाड़ियां चलें, इसके लिए नहीं है। किसान का उत्पाद बाजार तक कैसे पहुंचे। उसका इंतजाम एक्सप्रेसवे के इर्द गिर्द किया जा रहा है। वहां मंडियां बनायी जाएंगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पुलिस भर्ती होगी। दसवीं और बारहवीं के नंबर से सीधे भर्ती की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार जल्द फैसला लेगी ताकि गरीबों को सस्ती से सस्ती दवाइयां मिल सकें।