‘मॉक ड्र‍िल’कर 22 मरीजों की जान लेने वाले पारस अस्पताल को सील करने की तैयारी प्रशासन ने कर ली है। यहां दाखिल सभी मरीज शिफ्ट किए जाएंगे। एसपी सिटी समेत तमाम पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं। अस्पताल में ऑक्सिजन मॉक ड्रिल के दौरान 22 मरीजों की मौत के मामले में सरकार ने जांच बिठाई थी। योगी सरकार ने ये फैसला अस्पताल के मालिक की आडियो क्लिप सामने आने के बाद लिया है।

आगरा के पारस अस्पताल के मालिक अरिंजय जैन को वायरल ऑडियो में जो कुछ कहते सुना जा रहा वो हैरत में डालने वाला है। ये क्लिप 28 अप्रैल की है, जब यहां कोरोना संक्रमितों की काफी तादाद थी। वायरल ऑडियो में जैन को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि उसने अपने अस्पताल में ऑक्सिजन 5 मिनट के लिए बंद कर एक मॉक ड्रिल की थी। इस ड्रिल के बाद 22 मरीजों की जान चली गई। आडियो में जैन कहते सुना जा रहा है कि 5 मिनट की मॉक ड्रिल से 22 मरीज छंट गए। अस्पताल में केवल 74 मरीज ही बचे।

1.5 मिनट की आडियो क्लिप में अरिंजय जैन को कहते सुना जा सकता है कि मौजूदा समय में सीएम भी ऑक्सिजन नहीं दिलवा सकते। मोदी नगर पूरी तरह से ड्राई है। जैन के मुताबिक- मरीजों के परिवारों की काउंसलिंग की गई तो कुछ लोग उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि वो अस्पताल से नहीं जाएंगे। उसके बाद मॉक ड्रिल शुरू कराई गई। ये सुबह 7 बजे किया गया।

अस्पताल के संचालक का कहना है कि मॉक ड्रिल इसलिए की गई थी ताकि गंभीर मरीजों की पहचान की जा सके और किस मरीज को कितनी ऑक्सिजन की जरूरत है इस बात की पहचान की गई। उनका कहना है कि 5 मिनट की कवायद में कई मरीजों के शरीर नीले पड़ गए थे। आडियो में एक और व्यक्ति की भी आवाज है जो जैन की हां में हां मिलाता दिख रहा है। इसके वायरल होने के बाद से यूपी सरकार के गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, सरकार अभी भी 22 मरीजों की मौत उस दिन होने से इनकार कर रही है।

जिले के डीएम प्रभु एन सिंह भी ऑक्सिजन बंद होने की वजह से 22 लोगों की मौत की बात से इनकार कर रहे हैं। डीएम के मुताबिक-इस अस्पताल में 26 अप्रैल को 4 और 27 अप्रैल 3 लोगों की मौत हुई थी। लेकिन सरकार ने वीडियो को गंभीर मानते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उनका कहना है कि ऑक्सिजन की कमी से हालात बिगड़े थे लेकिन उसको 48 घंटे के भीतर दूर कर लिया गया था।

राहुल प्रियंका ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भाजपा शासन में ऑक्सीजन व मानवता दोनों की भारी कमी है। इस ख़तरनाक अपराध के ज़िम्मेदार सभी लोगों के ख़िलाफ़ तुरंत कार्यवाही होनी चाहिए। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं। उनकी बहन प्रियंका ने रोचक तरीके से अपनी बात पोस्ट की। उन्होंने लिखा- PM: “मैंने ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी”
CM: “ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं। कमी की अफवाह फैलाने वालों की संपत्ति जब्त होगी।”
मंत्री: “मरीजों को जरूरत भर ऑक्सीजन दें। ज्यादा ऑक्सीजन न दें।”
आगरा अस्पताल: “ऑक्सीजन खत्म थी। 22 मरीजों की ऑक्सीजन बंद करके मॉकड्रिल की।” ज़िम्मेदार कौन?