कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ‘रेप इन इंडिया’ वाले बयान पर शुक्रवार को लोकसभा में शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन जमकर हंगामा हुआ। भाजपा सदस्यों के हंगामे के बीच सदन की बैठक दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। पश्चिम बंगाल से महिला भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने राहुल के इस बयान को शर्मनाक बताते हुए माफी की मांग की है।

पश्चिम बंगाल की सांसद ने कहा “मोदीजी का मेक इन इंडिया है ये रेप इन इंडिया की बात कर रहे हैं। ये समझते नहीं हैं, इन्होने सभी मर्दों का अपमान किया है। सारे मर्द बलात्कारी नहीं हैं। बाहर देश से आओ और महिला को रेप करो, हम क्या हैं? क्या समझते हो हमको? हम लोगों का रेप करोगे। ऐसे अपमान किया उन्होंने।”

लॉकेट ने आगे कहा कि हम लोग भारतीय महिलाएं हैं रेप इन इंडिया कैसे बोल दिया। सब भारतीय महिलाओं का रेप करने बोल दिया। ऐसा बोलने की राहुल गांधी जी की हिम्मत कैसे हुई। मांफ़ी मांगो। लॉकेट ने राहुल गांधी के साथ- साथ कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी से भी माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी ने सदन में ‘रेप इन इंडिया’ कहा उनको भी माफी मांगनी चाहिए।

इस दौरान कांग्रेस सदस्य भी नारेबाजी कर रहे थे और अधीर रंजन चौधरी यह शिकायत करते नजर आए कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। दोनों पक्षों की नारेबाजी के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से सीटों पर जाने और प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह किया।

लॉकेट चटर्जी के अलावा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि पहली बार किसी नेता ने इस तरह का बयान दिया है। यह भारत की महिलाओं और देश का अपमान है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी सहित भाजपा के कई अन्य मंत्रियों और सदस्यों ने भी राहुल गांधी से माफी की मांग की।

इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे कार्यवाही पुन: आरंभ होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए और ऐसे बयान देने वाले को इस सदन का सदस्य रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि गांधी के बयान से यह सदन और पूरा देश आहत हुआ है। इस दौरान सदन में राहुल गांधी मौजूद थे। सदन में नारेबाजी के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12.15 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

बता दें राहुल गांधी ने गुरुवार को झारखंड की एक रैली में देश में बढ़ते रेप के मामलों को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला था। राहुल ने इस दौरान कहा कि देश में नरेंद्र मोदी ने कहा था मेक इन इंडिया, अब जहां भी देखो वहा मेक इन इंडिया नहीं बल्कि रेप इन इंडिया है। अखबार खोलो तो झारखंड में महिला से बलात्कार, यूपी में नरेंद्र मोदी के विधायक ने महिला का रेप किया, हर प्रदेश में हर रोज रेप इन इंडिया।’