शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक करोड़ मुफ्त टैबलेट, स्मार्टफोन वितरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा और कहा कि ये युवा नहीं टायर्ड, रिटायर्ड हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बुलडोजर ने इनके होश उड़ा दिए हैं।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 12 बजे सोकर उठकर वाले युवा नहीं हैं, कोरोना में वैक्सीन का विरोध करने वाले और गुमराह करने वाले युवा नहीं हैं, ये सब टायर्ड हैं और रिटायर्ड हैं, इन पर भरोसा न करना। साथ ही उन्होंने कहा कि वो माफिया जो गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करते थे, व्यापारियों से वसूली करते थे, अब ऐसे माफियाओं पर जब बुलडोजर चल रहा है तो माफियाओं के होश तो उड़े ही हैं साथ ही उन्हें संरक्षण देने वालों के भी होश उड़ गए हैं।
इसके अलावा उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नियुक्ति में भाई-भतीजावाद होता था। नौकरी निकलते ही एक खानदान और वंश के लोग वसूली पर निकल पड़ते थे। महाभारत का कोई रिश्ता नहीं छूटता था जो वसूली पर नहीं निकलता था। शकुनी मामा, दुर्योधन भांजा, दुशासन और कहीं कोई भतीजा निकल पड़ता था।
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना के समय हमने देखा कि तकनीक का व्यक्ति के जीवन में बड़ा महत्व है। बच्चे बताते थे कि स्मार्टफोन, टैबलेट न होने की वजह से पढ़ाई नहीं हो पा रही है। तब हमने तय किया कि राज्य के 1 करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की सुविधा से जोड़ेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज आपको टैबलेट और मोबाइल फोन मिल रहा है, इसके बाद आपकी जिंदगी में एक बदलाव आएगा। अब आप एक ही क्षण में देश और दुनिया की हर अच्छी जानकारी हासिल कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में यूपी जिस तरह से आगे बढ़ रहा है जिस तरह से विकास कर रहा है उससे कहा जा सकता है कि अगर उत्तर प्रदेश देश होता तो छठवें नंबर पर होता।