उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ‘अच्छा इंसान’ और ‘अच्छा लड़का’ बताते हुए गुरुवार को कहा कि राहुल को उत्तर प्रदेश में बार बार आना और रहना चाहिये। वह ज्यादा आएंगे तो उनकी उनसे दोस्ती हो जाएगी। अखिलेश ने राज्य मंत्रिमण्डल की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राहुल की किसान यात्रा के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा ‘राहुल जी बहुत अच्छे इंसान हैं, बहुत अच्छे लड़के हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश में और ज्यादा से ज्यादा आना चाहिये और ज्यादा रहना चाहिये। कोई ज्यादा रहेगा तो हमारी दोस्ती उससे होगी। इसमें तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होगी। दो अच्छे लोग मिल जाएं तो क्या खराबी है।’ यह पूछे जाने पर कि क्या उनके इस बयान को कांग्रेस से गठबंधन की सम्भावना से जोड़कर देखा जा सकता है, उन्होंने कहा ‘दो अच्छे लोग मिलते हैं तो इसमें राजनीति की बातें क्यों करते हो।’
यूपी में ‘किसान महायात्रा’ कर रहे राहुल गांधी जहां केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला कर रहे हैं, वहीं राज्य की समाजवादी सरकार पर सीधे निशाना साधते हुए नजर नहीं आ रहे हैं।
इसके साथ ही अखिलेश बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के लिए अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में विपक्ष के निशाने पर आए अपने वरिष्ठ काबीना मंत्री आजम खां का बचाव करते हुए नजर आए। अखिलेश ने कहा कि बसपा ने जमीनों पर कब्जा किया, उन पर स्मारक खड़े किये और जनता की गाढ़ी कमाई बरबाद की, ऐसे में सवाल उठना लाजमी है। उन्होंने कहा, ‘बसपा पर यही आरोप है कि उन्होंने बड़ी-बड़ी जमीनें कब्जा करके स्मारक बना दिये। क्या तब भी केवल सपा के नेता ही यह आरोप लगा रहे थे। जनता का पैसा बरबाद हुआ, उस पर लोग सवाल जरूर खड़े करते हैं।’
WATCH: Chaos breaks out as locals fight for Khatiyas(wooden cots) after Rahul Gandhi's Khat Sabha in Deoria ends pic.twitter.com/4tUxP81L1w
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) September 6, 2016
Read Also: राहुल गांधी की ‘खाट सभा’ में ऐसे मचा हड़कंप, 700-800 रुपए की खाट के लिए ‘पागल’ हुए लोग