किसान आंदोलन को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार बोले रहे लोगों पर केंद्रीय मंत्री ने सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे अन्नदाता नहीं, बल्कि कुछ राजनीतिक तत्व हैं। केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया ने कहा “ये भारत का अन्नदाता किसान नहीं है बल्कि इसमें कुछ राजनीतिक तत्व घुस गए हैं, जैसे सोनिया गांधी, राहुल गांधी। ये मोदी जी की लोकप्रियता से बौखलाए हुए हैं और उन्हें बदनाम करने का बहाना ढूंढ रहे हैं कि उनको किसान विरोधी करार दिया जाए।”

केंद्रीय मंत्री पंचकूला में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था एक अलग मुद्दा है और उसे बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। कहा कि सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ है। खेती कानून किसानों के फायदे के लिए है, लेकिन कुछ लोग उसको लेकर राजनीति कर रहे हैं। किसानों को सही बात बताने के बजाए उन्हें भ्रमित कर रहे हैं। इससे किसानों में गलत संदेश जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में राजनीतिक लोग अपने फायदे खोज रहे हैं। उनको प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। पिछले डेढ़ महीने से किसान दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हैं और भारी ठंड में आंदोलन कर रहे हैं।