कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वर्ष 2019 में कांग्रेस के चुनाव जीतने पर प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है। इसके बाद भाजपा राहुल पर हमलावर हो गई है। भाजपा नेता के अलावा केंद्रीय मंत्री भी कांग्रेस प्रमुख के इस बयान पर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल के बयान पर तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, ‘मुंगेरीलाल को सपना देखने के लिए कोई मना कर सकता है?’ धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कलीम ने लिखा, ‘प्रधान जी कृपा करके तेल में मूल्य वृद्धि को देखिए और अपना काम ठीक से कीजिए। यदि चीजें यूं ही होती रहीं तो आपकी सरकार पक्के तौर पर चली जाएगी।’ एक अन्य शख्स ने ट्वीट किया, ‘ये लोग सिर्फ कांग्रेस और राहुल गांधी को ट्रोल करने के लिए मंत्री बनाए गए हैं। साहब से पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बारे में एक सवाल भी पूछ लो देखो ये कैसे भागते हैं।’ संजीव ने लिखा, ‘आपके लिए भी वही बात है…आप भी ओडिशा का मुख्यमंत्री बनने का सपना छोड़ दीजिए।’ एक यूजर ने तो यहां तक पूछ लिया कि ये धर्मेंद्र प्रधान कौन हैं?
Mungerilal ko sapna dekhne ke liye koyi mana kar sakta hai?: Union Minister Dharmendra Pradhan on Rahul Gandhi's statement that he would like to be the PM in 2019 pic.twitter.com/KVBzVsqAgU
— ANI (@ANI) May 8, 2018
राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जताई है। कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने में उन्हें कोई हर्ज नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर सामने आती है तो मैं प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनूंगा। राहुल ने पांच महीना पहले ही कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाला है। इससे पहले उन्होंने अमेरिक के बर्कले यूनिवर्सिटी में कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाएगी तो इससे इनकार नहीं करेंगे। बता दें कि कांग्रेस और भाजपा इन दिनों कर्नाटक विधानसभा चुनावों में व्यस्त हैं। दोनों दलों के शीर्ष नेता लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा की ओर से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी ने बीजापुर में 21 महीनों के बाद किसी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होना है।

