पश्चिम बंगाल के कोलकाता में विपक्ष की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ बोलने पर पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा केंद्र के निशाने पर हैं। खुद केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने सिन्हा के रैली में जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा भाजपा सांसद खामोश ही रहे तो अच्छा है। सुप्रियो ने शनिवार (19 जनवरी, 2019) को ट्वीट कर लिखा, ”शत्रुघ्न सिन्हा जी कह रहे हैं कि ‘मैं जो कुछ भी कहता हूं, जो कुछ भी करता हूं, भारत की जनता के हित के लिए है, देश के लिए है।’ कोई उनसे पूछे कि उन्होंने ‘कहा’ तो बहुत कुछ है लेकिन देश हित के लिए अभी तक ‘किया’ क्या है? इसलिए वो ‘खामोश’ ही रहें तो अच्छा है।” सुप्रियो ने ट्वीट में शत्रुघ्न सिन्हा, अमित शाह, सुषमा स्वराज, नरेंद्र मोदी जैसे नेताओं को भी टैग किया है।

बता दें कि कोलकाता में विपक्षी नेताओं के साथ शनिवार को मंच साझा करते हुए भाजपा के असंतुष्ट नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने आगामी लोकसभा चुनाव में सरकार बदलने का आह्वान किया और कहा कि वह सत्तारूढ़ दल से हटाए जाने से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि वह पार्टी को आईना दिखाना जारी रखेंगे। सिन्हा कई मुद्दों पर अपनी पार्टी से नाराज हैं और नोटबंदी, जीएसटी लागू करने जैसे कई कदमों की उन्होंने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा आयोजित रैली में वह ‘राष्ट्र मंच’ के प्रतिनिधि के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं। इस संगठन की स्थापना भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा ने की है।

विपक्ष की रैली में सिन्हा के इन बयानों के बाद खबर यह भी है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के एम्स से लौटने पर पार्टी सिन्हा के खिलाफ कड़ा कदम उठा सकती है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष के लौटने के बाद सिन्हा को पार्टी से निलंबित किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘सिन्हा ने सारी सीमा पार कर दी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है।’

जानना चाहिए कि रैली में सिन्हा ने भी खुद कहा कि इन बयानों के बाद उन्हें पार्टी से जरूर निकाल दिया जाएगा। सिन्हा ने कहा, ‘वह भारतीय जनता पार्टी में हैं लेकिन इसके पहले वह भारत की जनता के साथ हैं।’ उन्होंने विवादास्पद राफेल लड़ाकू विमान सौदा, नोटबंदी और जीएसटी के क्रियान्वयन को लेकर मोदी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘अगर आप तथ्यों को दबाए रखते हैं तो लोग तो कहेंगे कि चौकीदार चोर है।’ (भाषा इनपुट सहित)