भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात में भविष्य के फैशन ट्रेंड के बारे में बात की। केंद्रीय गृहमंत्री शाह राज्य के गांधीनगर स्थित कलोल में दिव्यांगों के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में देश के लोग प्लास्टिक के बैग की जगह कपड़े के बैग लेकर चलेंगे।

शाह ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों, विशेष रूप से जिनमें महिलाओं शामिल थी, से कहा कि उन लोगों को कपड़े के बैग लेकर चलने में शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश में प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने को लेकर आक्रामक रूप से काम कर रही है।

शाह ने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र के दिव्यांग जनों को विभिन्न प्रकार के किट्स और सहायक उपकरण वितरित करने के लिए किया गया था। इसमें रोचक बात यह रही कि कार्यक्रम के आयोजनकर्ताओं ने कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों को कपड़े के बैग वितरित किए।

इस बीच शाह ने कपड़े के बैग को मीडिया के लोगों को भी देने को कहा। ये पहली बार नहीं है कि शाह ने सार्वजनिक मंच से प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए लोगों से अपील की है। इससे पहले 2 अक्टूबर को भी एक कार्यक्रम को दौरान शाह ने प्लास्टिक को वातावरण और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताते हुए लोगों से इसका इस्तेमाल नहीं करने की अपील की थी। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि वे लोग देश को इससे निजात दिलाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प लें।

केंद्रीय मंत्री ने संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी अब देश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति दिलाने का संकल्प लेकर निकले हैं। इसे भी जन आंदोलन बनाने की जिम्मेदार देश की जनता और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की हैं। उन्होंने महिलाओं से प्लास्टिक के स्थान पर जूट, कपड़े व अन्य दूसरी चीजों से बने थैले का प्रयोग करने और धरती को निर्मल बनाने में अपना योगदान देने की बात कही थी।