केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर की बेटी की आज मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी होनी है। इस शादी समारोह में मोदी सरकार के कई मंत्री शामिल हो सकते हैं। शादी में वीवीआईपी के पहुंचने को लेकर ग्वालियर पुलिस अलर्ट है। कानून व्यवस्था को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नरेन्द्र तोमर की बेटी की शादी व्यापार मेला मैदान में होनी है। यहां शादी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शादी में क्या रहेगा खास
जानकारी के मुताबिक शादी समारोह के लिए ग्वालियर के अलावा दिल्ली और आगरा के भी कैटर्स बुक किए गए हैं। खाना बनाने के लिए भी 1000 से अधिक लोग लगे हैं। खान के लिए चार पंडाल बनाए गए हैं। इसमें राजस्थान से लेकर दक्षिण भारतीय व्यंजन भी मैन्यू में रहेंगे। ग्वालियर के अधिकांश बड़े होटलों में भी शादी के लिए कमरे बुक किए गए हैं।
कई वीवीआईपी होंगे शामिल
शादी समारोह में 100 से अधिक वीवीआईपी शामिल हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 5 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और कई केंद्रीय मंत्रियों के पहुंचने की भी संभावना है। जानकारी के मुताबिक समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल भी शामिल होंगे।
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
शादी समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। इतना ही नहीं सभी अफसरों की छुट्टियां भी कैंसिल कर दी गई हैं। समारोह के आसपास के सभी रास्तों से रूट भी डायवर्ट किया गया। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवायजरी भी जारी की गई है।